यमन के ईरान-समर्थक हूती ग्रुप ने सऊदी अरब के एयरस्पेस में उड़ान भरने वाली वैश्विक एयरलाइंस को एक आखिरी चेतावनी जारी करते हुए इस क्षेत्र को अपना मिलिट्री ऑपरेशन का अड्डा घोषित किया है। इसके साथ ही हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने का दावा भी किया है।

हूती प्रवक्ता का बयान और चेतावनी

हूती मिलिट्री के प्रवक्ता याह्या सरी ने जानकारी दी कि उनकी मिसाइल ने सटीकता के साथ अपने लक्ष्य को भेदा है, जिससे एयरपोर्ट का कामकाज भी बाधित हुआ है। हालांकि, हूती गुट के इस हमले के दावे पर सऊदी अरब की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रवक्ता याह्या सरी ने चेतावनी देते हुए कहा, "हम सभी ग्लोबल एयरलाइंस से आखिरी बार अपील और चेतावनी दोहराते हैं कि वे सऊदी एयरस्पेस में उड़ानें जारी रखने के नतीजों को समझें, क्योंकि यह इलाका अब हमारे मिलिट्री ऑपरेशन का अखाड़ा बन चुका है।" हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मक्का और मदीना के पवित्र इलाकों के ऊपर का एयरस्पेस इस पाबंदी से बाहर रहेगा।

इसे भी पढ़ेंः पाकिस्तान को संवेदनशील रक्षा जानकारियां देने के आरोप में भारतीय नौसेना का नाविक गिरफ्तार, हनीट्रैप का हुआ शिकार

सऊदी अरब और अमेरिका की प्रतिक्रिया

यह घटनाक्रम सऊदी अरब के उस ऐलान के कुछ घंटे बाद सामने आया है, जिसमें यह बताया गया था कि इसी हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई थी।

सुरक्षा के इन गंभीर हालातों को देखते हुए, सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने बुधवार को अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की। अमेरिकी मिशन ने नागरिकों को हवाई अड्डों के खिलाफ मंडरा रहे खतरों के मद्देनजर अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। बयान में कहा गया है कि संघर्ष के बढ़ने की आशंका के चलते उड़ानों के रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और यात्रा में रुकावट आने की पूरी संभावना है, इसलिए यात्री अपनी उड़ानों की स्थिति सीधे एयरलाइंस से जांच लें।

#हूतीविद्रोही #सऊदीअरब #किंगखालिदएयरपोर्ट #रियादहमला #अंतर्राष्ट्रीयसमाचार #ग्लोबलएयरलाइंस #अमेरिका #MiddleEastNews #Houthi

#HouthiRebels #SaudiArabia #RiyadhAirport #GlobalAirlines #USMission #MiddleEastConflict #BreakingNews #WorldNews