रांची।झारखंड में अगले दो दिनों तक मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। सावन के आखिरी सोमवार को सुबह से ही राजधानी रांची में बादल अपना डेरा जमाए रहे।मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में मानसून की उत्तर-दक्षिण टर्फ लाइन समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है। इसी वजह से रांची, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, साहेबगंज और पाकुर के कई इलाकों में भारी बारिश और बिजली कड़कने व वज्रपात की संभावना है। झारखंड के अन्य जिलों में भी हल्के से मध्यम बारिश होने की सम्भावना है।
मौसम में बदलाव की वजह से राजधानी रांची में आद्रता का स्तर 97 फीसदी तक पहुंच सकता है।लोगों को काफी उमस झेलनी पड़ सकती है।मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य में 18 अगस्त तक मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। इसके चलते भारी बारिश के साथ बिजली कड़कने और वज्रपात की भी संभावना है।
आपको बता दें कि झारखंड के पांच जिलों में इस साल सीजन में औसत से 35 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे वर्षा आधारित खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले 24 घंटे में झारखंड में मानसून की स्थिति सामान्य रही। प्रदेश में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गई। सबसे ज्यादा 56.6 मिमी बारिश रांची में रिकार्ड की गई। जबकि जमशेदपुर में 43 मिमी बारिश हुई।





