प्रतिनिधि,गिरिडीह। यहां के पर्यटन स्थल खंडोली डैम जाने के रास्ते में मंगलवार की शाम 17 वर्षीय छात्र विशाल सिंह का जला हुआ शव मिला। मृतक छात्र के शव के साथ उसकी स्कूटी और आधा लीटर पेट्रोल से भरा एक बोतल और छात्र का मोबाइल भी बरामद हुआ।





छात्र के शव होने की जानकारी वन विभाग के कर्मियों ने बेंगाबाद थाना प्रभारी शशिकांत सिंह को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव के पास से बरामद मोबाइल फोन से उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही मृतक छात्र के चाचा ललन सिंह समेत कई पड़ोसी भी खंडोली डैम पहुंचे। जहां भतीजे का शव देखकर वे बेहोश हो गए। इस दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।





जानकारी के अनुसार मृतक छात्र विशाल सिंह बिरनी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव का रहने वाला था,लेकिन अपनी मां के साथ पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में रहता था। कृष्णा नगर में मृतक छात्र के चाचा ललन सिंह भी रहते है। वहीं विशाल के पिता सउदी अरब में किसी कंपनी में इंजिनियर बताए जा रहे है। वहीं मृतक विशाल राजस्थान के कोटा से इंजिनियरिंग की तैयारी कर रहा था और दो सप्ताह पहले ही शहर के सुभाष पब्लिक स्कूल में प्रेक्टिकल की परीक्षा देने कोटा से गिरिडीह पहुंचा था। बताया जाता है कि वह मंगलवार की सुबह अपनी मां को स्टडी बुक लाने की बात कहकर स्कूटी से निकला था।वहीं करीब चार बजे शाम उसका शव खंडोली में पाया गया।