नई दिल्ली: देशभर में आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के पहले गृह मंत्री और आधुनिक भारत के मुख्य शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

गृह मंत्री ने उनके महान योगदान को याद करते हुए सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सरदार साहब के अदम्य साहस व प्रशासनिक दूरदर्शिता को रेखांकित किया।

मात्र 1218 दिनों में किया अखंड भारत का निर्माण

गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में सरदार पटेल की राजनीतिक इच्छाशक्ति और अद्भूत नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि जो कार्य अन्य नेता मिलकर भी नहीं कर सके, उसे सरदार साहब ने मात्र 1218 दिनों की अल्प अवधि में कर दिखाया। उन्होंने बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एक अखंड भारत की रचना की। आज उन्हीं के संकल्प के बल पर बना यह भारत पूरी शान और गौरव के साथ दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।

इसे भी पढ़ेंः गृह मंत्री अमित शाह का आह्वान आतंकवाद, ड्रग्स तस्करी और फंडिंग पर मिलकर करें कड़ा प्रहार

प्रशासनिक मजबूती और जनसेवा के प्रतीक

अमित शाह ने उल्लेख किया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 'ऑल इंडिया सर्विसेज' (अखिल भारतीय सेवाएं) की स्थापना कर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को एक ऐसा मजबूत आधार प्रदान किया, जो आज भी सुदृढ़ शासन प्रणाली की रीढ़ बना हुआ है।

इसके साथ ही, गृह मंत्री ने खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के ऐतिहासिक आंदोलनों का स्मरण करते हुए कहा कि किसानों के अधिकारों के लिए सरदार पटेल का संघर्ष जनसेवा और उत्कृष्ट नेतृत्व का एक बेजोड़ उदाहरण है।

'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का संकल्प

अपने संदेश के अंत में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरदार साहब का त्याग, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना देश के प्रत्येक नागरिक को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रेरित करती रहेगी। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस पावन पर्व पर पूरा देश राष्ट्र निर्माता को कोटि-कोटि नमन कर रहा है।

#SardarPatel #RashtriyaEktaDiwas #NationalUnityDay #IronManOfIndia #AmitShah #EkBharatShreshthaBharat #SardarVallabhbhaiPatel #IndianHistory #NewsInHindi