मेरठ।रामायण धारावाहिक में भगवान राम का किरदार निभाने वाले और मेरठ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद अरुण गोविल ने घर-घर रामायण पहल के तहत रामायण की प्रतियां बांटने के लिए एक देशव्यापी अभियान शुरू किया है। यह अभियान अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है।अरुण गोविल ने बुधवार को हापुड़ में रामायण की प्रतियां बांटी और गुरुवार को मेरठ के किठौर विधानसभा क्षेत्र में दो विशेष कार्यक्रम आयोजित किये।





कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अरुण गोविल ने कहा कि अभियान का लक्ष्य पांच साल के अंदर देश भर में रामायण की 11 लाख प्रतियां वितरित करना है।इस पहल को शुरू करने से पहले मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनकी स्वीकृति मांगी थी।उनके सहयोग से रामायण के पवित्र पाठ को भारत के हर घर तक पहुंचाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया।





अरुण गोविल ने कहा कि जब मैंने सांसद का चुनाव लड़ा था तो मैं सबसे गरीब उम्मीदवारों में से एक था। चुनाव के बाद मेरी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई,लेकिन मैंने प्रतियों के वितरण पर अपना पैसा खर्च करने का फैसला किया है। अगर कोई भी मेरे साथ इस बड़े प्रोजेक्ट में शामिल होना चाहता है तो उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि संसद में सांसदों को भी प्रतियां दी जाएंगी।





अरुण गोविल ने इस बात पर जोर दिया कि यह अभियान परिवारों को रामायण की शिक्षा से फिर से जोड़ने और भावी पीढ़ियों में भारतीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है।कहा कि यह राष्ट्रव्यापी पहल समाज को पवित्रता,आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। जनता द्वारा दिखाया गया जबरदस्त उत्साह और गर्मजोशी साझा मूल्यों के माध्यम से देश को एकजुट करने में अभियान के महत्व की पुष्टि करती है।