श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सर्दियों की आहट के साथ ही सीमा पार से आतंकी घुसपैठ की कोशिशें तेज हो गई हैं। हालांकि, मुस्तैद सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान की नापाक साजिशों का मुंहतोड़ जवाब देते हुए कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त घेराबंदी और व्यापक तलाशी अभियान (CASO) चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान इलाके में कुछ गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेरकर ऑपरेशन जारी रखा गया है।
हाल ही में बरामद हुए थे हथियार
यह कार्रवाई कुपवाड़ा के लोलाब और करनाह सेक्टरों में हाल ही में चलाए गए संयुक्त अभियानों के तुरंत बाद सामने आई है। उन अभियानों के दौरान भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद कर आतंकियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया था।
बर्फबारी से पहले घुसपैठ की होड़
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही ऊंचाई वाले इलाकों और पहाड़ी दर्रों में भारी बर्फबारी होती है, जिससे आतंकियों के घुसपैठ करने वाले पारंपरिक रास्ते पूरी तरह बंद हो जाते हैं। इसी वजह से बर्फबारी शुरू होने से पहले ही आतंकी आका अधिक से अधिक आतंकियों को भारतीय सीमा में धकेलने की फिराक में रहते हैं।
इसे भी पढ़ेंः गृह मंत्री अमित शाह का आह्वान आतंकवाद, ड्रग्स तस्करी और फंडिंग पर मिलकर करें कड़ा प्रहार
PoK में 500 आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट, BSF को निर्देश
खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में लॉन्च पैड्स पर लगभग 500 आतंकी घुसपैठ की ताक में बैठे हैं। इस गंभीर इनपुट के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर तैनात सुरक्षाबलों को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा की पहली दीवार मानी जाने वाली सीमा सुरक्षा बल (BSF) को भी घुसपैठ रोधी अभियानों (Anti-Infiltration Operations) में तेजी लाने और 24 घंटे सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
#JammuKashmir #Kupwara #LoC #IndianArmy #InfiltrationBusted #KashmirSecurity #BSF #BreakingNews





