जमशेदपुर।बुधवार की शाम लगभग सात बजे एमजीएम अस्पताल मेडिकल वार्ड की लिफ्ट में सात महिला-पुरुष लगभग डेढ़ घंटे तक फंसे रहे।घटना लिफ्ट के तीसरी मंजिल से नीचे आने के दौरान हुई।लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर पर आने से पहले बीच में रुक गई और इसके रुकने बाद मेडिकल वार्ड में हंगामा मच गया।
लिफ्ट में फंसे लोग शोर मचाते रहे लेकिन सहायता के लिए लिफ्ट ऑपरेटर या अस्पताल का अन्य कर्मचारी नहीं पहुंचा।तकनीशियन को एक घंटे बाद लिफ्ट बंद होने की सूचना मिली। तब तक लिफ्ट में फंसे लोग किसी तरह खुद बाहर निकल चुके थे। अगर लिफ्ट ऑपरेटर होता तो मरीजों या उनके परिजनों को यह परेशानी नहीं होती। दूसरी तरफ लिफ्ट ऑपरेटर द्वारा ही सभी को बाहर निकालने की चर्चा है, लेकिन पुष्टि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार लिफ्ट में फंसे और बाहर खड़े लोग पास से गुजर रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों से मदद मांग रहे थे, लेकिन किसी ने लिफ्ट को खुलवाने की कोशिश नहीं की। लिफ्ट में उस समय दिल का मरीज भी फंसा था। अन्य सभी ऐसे मरीजों व उनके परिजन थे, जो मिलने गए थे या छुट्टी होने पर घर जाने के लिए लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। चर्चा है कि लिफ्ट तकनीशियन सभी के निकलने के बाद मौके पर पहुंचा, लेकिन लिफ्ट का लॉक ठीक करने का प्रयास नहीं किया। इसे अन्य लोग सीढ़ी के रास्ते वार्ड से आवागमन करने लगे।





