बलिया।नरेंद्र मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) से जुड़े भारतीय किसान संघ ने किसानों को उपज का लाभकारी मूल्य देने की मांग को लेकर चेतावनी दी थी।चेतावनी के बाद भी मोदी सरकार की तरफ से कोई आश्वासन न दिए जाने के विरोध में आठ सितम्बर को देश के हर जिला मुख्यालय पर प्रतीकात्मक धरना देने का फैसला किया है।

भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष युगल किशोर मिश्र ने बुधवार रात बलिया जिले के नगरा कस्बे में भारतीय किसान संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी व प्रांतीय प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि संगठन ने किसानों को उपज का लाभकारी मूल्य दिए जाने की मांग को लेकर मोदी सरकार को 31 अगस्त तक निर्णय करने का अल्टीमेटम दिया था। मगर सरकार ने कोई सकारात्मक संकेत नहीं दिए।

मिश्र ने बताया कि भारतीय किसान संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी व प्रांतीय प्रतिनिधियों की वर्चुअल बैठक में तय किया गया है कि केन्द्र सरकार के उदासीन रवैये को देखते हुए उस पर दबाव बढ़ाने के लिए आठ सितंबर को देश के हर जिला मुख्यालय पर प्रतीकात्मक धरना दिया जाएगा।

मिश्र ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि इस कार्यक्रम के पूर्व संघ के पदाधिकारी देश की राजधानी से लेकर हर प्रदेश की राजधानी व प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किसानों के मसले पर देश को वस्तुस्थिति की जानकारी देंगे।मिश्र ने बताया कि आठ सितंबर को प्रतीकात्मक धरना देने के बाद इसी दिन राष्ट्रीय महामंत्री बद्री नारायण चौधरी आगे के कदम की घोषणा करेंगे।