उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न





अवैध उत्खनन किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं,खनन गतिविधियों के प्रदूषण मानकों का अनुपालन करें सुनिश्चित:अपर समाहर्ता





वाहन चेकिंग अभियान में 16 वाहन जब्त, 06 पर प्राथमिकी दर्ज, दंडस्वरूप 1 लाख 54 हजार 500 रू की राशि की हुई वसूली:खनन पदाधिकारी





प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय के सभा कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर अपर समाहर्ता पवन कुमार मण्डल द्वारा अवैध उत्खनन के रोकथाम हेतु जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक की गई।जिला खनन पदाधिकारी गोपाल दास ने विगत बैठक में प्राप्त निर्देश के बारे में बताया कि वाहन चेकिंग अभियान में सदर एवं सिमरिया थानान्तर्गत बिना वैध कागजात के कोयला परिवहन करते वाहनों को पकड़ा गया था तथा उक्त उक्त मामले में अवैध परिवहनकर्त्ता, ट्रांसपोटर्स, लिफ्टर के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ब्लैकलिस्ट करते हुए सभी महाप्रबंधक को अपने परियोजना क्षेत्र से कोयला ढुलाई में संलग्न सभी परिवहनकर्त्ता, ट्रांसपोटर्स,लिफ्टर को टेंडर में उल्लेखित सभी शर्तों का सख्ती के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निदेश प्राप्त था। साथ ही शर्तो का उल्लंघन होने पर टेंडर रद्द करते हुए संबंधित परिवहनकर्त्ता,ट्रांसपोटर्स,लिफ्टर के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करने के निर्देश के अनुपालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए अपर समाहर्ता ने जरूरी दिशा निर्देश दिया तथा जिन परियोजना द्वारा अनुपालन प्रतिवेदन अप्राप्त है।उन्हें अनुपालन प्रतिवेदन जल्द उपलब्ध करने का निर्देश दिया।





बैठक में परियोजना अन्तर्गत स्थापित सभी कांटा घरों के नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन की जानकारी लेकर अपर समाहर्ता ने जरूरी दिशा निर्देश दिया। सड़क एवं रेल मार्ग से कोयले के सम्पूर्ण प्रेषण वैध ई-परिवहन चालान के माध्यम से करने के निर्देश पर बताया गया कि सम्पूर्ण प्रेषण कार्य निर्देशानुसार करने हेतु सुनिश्चित कर लिया गया है। प्रश्नगत इकाइयों के बारे में बताया गया कि उनका स्थलीय जांच कर क्रशर संचालन अथवा खनिजों के भण्डारण कार्य से संबंधित कोई गतिविधि नही पाई गई है। क्रशर ईकाई,खनन पट्टा,ईट भट्टा एवं अन्य खनन गतिविधियों के प्रदूषण मानकों के अनुपालन सम्बन्धित जांच रिपोर्ट से अवगत होते हुए अपर समाहर्त्ता ने दिशा निर्देश दिया। जिले में कोयला, बालू, ईट मिट्टी, पत्थर इत्यादि के अवैध उत्खनन,परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम हेतु टास्क फोर्स के सभी सदस्यों,सभी अनुमण्डल पदाधिकारी,सभी अंचलाधिकारी को निरंतर छापामारी, स्थलीय निरीक्षण की संख्या बढ़ाते हुए सघन कार्रवाई करने के दिए निर्देश के अनुपालन के सम्बंध में बताया गया कि जिले के विभिन्न मार्गों पर औचक वाहन चेंकिग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कुल 16 वाहन जब्त किये गए हैं एवं कुल 6 प्राथमिकी दर्ज हुई है तथा 1 लाख 54 हजार 500 रू की राशि दंडस्वरूप वसूली गई है। उक्त कार्रवाई के तहत 74.80 टन कोयला, 1350 सीएफटी स्टोन और 925 सीएफटी बालू जब्त किया गया।





बैठक के अंत में अपर समाहर्ता द्वारा सभी संबंधित को निर्देशित किया गया की किसी भी परिस्थिति में खनिजों का अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगना चाहिए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।उक्त बैठक में उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीना, जिला खनन पदाधिकारी गोपाल दास, डीएसपी(मु) केदार नाथ राम,चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार,टंडवा एसडीपीओ शंभू सिंह समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।