लखनऊ।ओवैसी की पार्टी ऑल इण्डिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-ए- मुस्लमीन ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की खबरों का खंडन करते हुए अफवाह करार दिया है। यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा है कि एआईएमआईएम ने कभी नहीं कहा कि अगर सपा सत्ता में आती है और अखिलेश यादव मुस्लिम नेता को उप-मुख्यमंत्री बनाते हैं तो उनके साथ गठबंधन करेंगे। हम स्पष्ट रूप से इन खबरों का खंडन करते हैं क्योंकि न तो मैंने और न ही एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कभी ऐसा बयान दिया। ज्ञात रहे कि असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को कथित तौर पर कहा था कि अगर सपा प्रमुख अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में किसी मुस्लिम विधायक को उप-मुख्यमंत्री बनाने के लिए सहमत हैं तो वह पार्टी के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार हैं। ओवैसी ने ये भी घोषणा की थी कि यूपी 2022 विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वर्तमान में,110 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां मुस्लिम मतदाता लगभग 30-39 प्रतिशत हैं। 44 सीटों पर, यह बढ़कर 40-49 प्रतिशत हो जाता है, जबकि 11 सीटों पर लगभग 50-65 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं। लखनऊ जाकर ओवैसी ने कुछ छोटे दलों के साथ बातचीत भी की थी, उनकी पार्टी भागीदारी संकल्प मोर्चा' का भी हिस्सा है। वह ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, केशव देव मौर्या के महान दल और कृष्णा पटेल के अपना दल के साथ भी संपर्क में हैं।