प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। बुधवार को यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) का जोनल स्तरीय सम्मेलन मगध कोल परियोजना क्षेत्र के कुंडी में हुआ। जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेन्द्र कुमार व उपाध्यक्ष श्रीमती सीता सोरेन सुबह दस बजे कार्यक्रम स्थल में पहुंच गए। विधिवत तरीके से कार्यक्रम का शुभारंभ होने के पश्चात मंच पर मौजूद वक्ताओं ने मजदूर हितों को लेकर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरा से कोयला बेंचकर पेट पालने वाले स्थानीय लोगों पर प्रबंधन द्वारा कानूनी कार्रवाई किया जाता है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।जबकि सीसीएल प्रबंधन इसे स्वीकार नहीं करती। वहीं सीता सोरेन ने अपने संबोधन में सीसीएल प्रबंधन पर स्थानीय व कामगारों के शोषण पर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि सरकार झारखंडियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पारित किए गए प्रस्ताव के बावजूद प्रबंधन 75 प्रतिशत स्थानीयों के नियोजन में अबतक नाकाम साबित हुई है। इस मौके पर दुर्गा सोरेन सेना के धनेश्वर गंझु, संतोष नायक,एटक के बिनोद बिहारी, दीपांशु सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।





