प्रतिनिधि,चतरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान जिले के 11वीं के रिजल्ट में हुई अनियमितता को लेकर वार्ता किया।
मौके पर उपस्थित अभाविप के विश्वविद्यालय संयोजक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि अभाविप अपने स्थापना काल से ही छात्रों के हितों में आंदोलन एवं संघर्ष करती आ रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने बताया कि चतरा के इटखोरी प्रखंड स्थित केबी-2 उच्च विद्यालय के 43 विद्यार्थियों को औसत से भी कम अंक देकर अनुतीर्ण कर दिया गया है,जबकि सभी बच्चे पढ़ने में बहुत अच्छे है और दसवीं में बेहतर अंक प्राप्त किये हैं।
विद्यार्थियों के समूह ने अभाविप के नेतृत्व में जिला शिक्षा पदाधिकारी को झारखंड एकेडमिक काउंसिल के सचिव के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा और कहा कि अगर 15 दिन के भीतर मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो विद्यार्थी परिषद शिक्षा विभाग के खिलाफ उग्र आन्दोलन के लिए बाध्य होगा। वहीं उपस्थित छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि पुनः कॉपी को जांच किया जाए तो हम सभी बेहतर अंको से उतीर्ण होंगे नहीं तो हमारा एक वर्ष बर्बाद हो जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने 15 दिनों के अंदर इसके समाधान की बात कही। मौके पर विभाग संयोजक रोहित कुमार, जिला संयोजक मुन्ना यदुवंशी , रौनक सिंह, अरनव श्रीवास्तव, अभय करन राज,अनुराग गुप्ता, उज्ज्वल सत्यम,लोकेश विशाल सन्नी समेत अन्य कार्यकर्ता एवं सैंकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे।





