प्रतिनिधि,जमशेदपुर।हमेशा से चर्चा में रहने वाला एमजीएम अस्पताल एक बार फिर से सीसीटीवी कैमरे के कारण चर्चा में आ गया है। हुआ यूं कि अस्पताल के बाहर पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की निगरानी समेत अन्य कामों को लेकर प्रबंधन द्वारा छह की संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिसमें अस्पताल के दाहिने तरफ चार और बाएं तरफ दो कैमरे लगाए गए हैं। एक सप्ताह के अंदर ही ये सारे कैमरे लगाए गए हैं। मगर दाहिने तरफ के कैमरों को तीन पेड़ों पर ही लगा दिया गया है। जबकि बाएं तरफ के दो कैमरे काफी नीचे लगाए गए हैं। जिसे आसानी से कोई भी चुरा सकता है। आने वाला मौसम गर्मी का है और जिसमें तेज हवाओं का समय समय चलना वाजिब है। जिन पेड़ों पर कैमरे लगाए गए हैं वे तेज हवा का एक झोंका भी नहीं झेल पाएंगे और जिससे कैमरा समेत पेड़ जमीन पर धराशाई हो जाएगा। इससे अस्पताल का नुकसान होना तय है। जबकि अस्पताल के दीवार पर एंगल देकर भी कैमरा लगाया जा सकता था। बावजूद इसके आनन फानन में पेड़ों पर ही कैमरा लगा दिया गया।





इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक डॉ. रविंद्र कुमार ने कहा कि इसकी जानकारी मुझे नहीं है। कैमरे पेड़ पर नहीं लगाने चाहिए थे। उन्हें वहां से हटाकर दूसरी जगह पर लगवाया जाएगा।