जमशेदपुर।साकची स्थित एमजीएम अस्पताल में बुधवार की दोपहर ठगी करने की घटना घटी है।जिसमें एक युवक मरीज को दवा दिलाने के बहाने नगद समेत मोबाइल लेकर चंपत हो गया। मामले में बताया जा रहा है कि बागबेड़ा सोमाय झोपड़ी निवासी युवती सलमा मुर्मू नाक में घाव होने के कारण अपनी भतीजी गीता हांसदा के साथ इलाज कराने 12:30 बजे एमजीएम अस्पताल पहुंची। मगर तब तक अस्पताल का रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद हो चुका था। पूछने पर वहां के कर्मचारियों ने पुनः 3 बजे रजिस्ट्रेशन काउंटर खुलने की बात कही। जिसके बाद दोनों वहां लगे बेंच पर बैठ गए।





इस दौरान उनके पास सफेद शर्ट पहन कर पतला दुबला एक युवक आया। जिसके बाद युवक ने सर्जरी विभाग से दवा दिलाने की बात कहते हुए सलमा मुर्मू को साथ चलने के लिए कहा। वहीं जब उसकी भतीजी गीता हांसदा ने भी साथ जाने की बात कही तो उसने मना कर दिया। जिसके बाद युवक सलमा को सर्जरी विभाग नर्स रूम के पास लेकर गया और वहां बाहर मौजूद बेंच पर दोनों बैठ गए। इसके बाद युवक ने युवती सलमा मुर्मू से दवा के लिए रुपए देने के साथ साथ फोटो खींचने के लिए मोबाइल देने की बात कही। जिस पर युवती ने अस्पताल की पुरानी पर्ची साथ ही रुपया और मोबाइल पॉलिथीन में युवक को दे दिया। जिसके बाद युवक पॉलिथीन लेकर सिस्टर में इधर से घुसा और दूसरी तरफ से निकलकर फरार हो गया।





युवती काफी देर तक इंतजार करने के बाद युवक को खोजने लगी और उसके नहीं मिलने पर इसकी सूचना अपनी भतीजी समेत अस्पताल में मौजूद होमगार्ड जवानों को दी। सूचना पाकर होमगार्ड जवानों ने इसकी सूचना संबंधित थाने को दी। जिसके बाद मामले की जांच करने टाइगर मोबाइल के जवान अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान ही पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को देखा। जिसमें ठगी की यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है। युवती से युवक ने नगद 2000 रुपए समेत मोबाइल की ठगी कर ली है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से युवक की तलाश करने में जुटी हुई है।