पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,विष्णुगढ़।सदर एसडीएम राजकिशोर प्रसाद शनिवार को विष्णुगढ़ अंचल कार्यालय पहुंचे और कई मामलों की जांच की।प्रमुख रूप से बीते साल 14 सितंबर को अंचल कार्यालय में राजस्व दस्तावेजों में छेड़छाड़ की जांच की गई।एसडीएम ने निर्देश दिया कि उक्त जमीन संबंधी खरीद बिक्री के दस्तावेज जमा करें।सीओ को इसकी जांच कर जानकारी देने का निर्देश दिया।
बता दें कि रजिस्टर टू में छेड़छाड़ कर अवैध जमाबंदी कायम करने के प्रयास में अंचल के प्रधान लिपिक धर्मेन्द्र कुमार को डीसी नैंसी सहाय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। धर्मेंद्र कुमार कुछ बिचौलियों के साथ मिलकर बादी खरना मौजा के खाता नंबर 21, प्लॉट नंबर 76, रकबा 43 डीसमील जमीन पर अवैध रूप से नई जमाबंदी दर्ज करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान अंचल के सीसीटीवी फुटेज में प्रधान लिपिक के साथ स्थानीय दो बिचौलिए भी संदिग्ध रूप से शामिल थे।इस मामले में एसडीएम के अलावा डीएलएओ ने इस मामले पर गहनता से जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा एक सीएससी सेंटर द्वारा फर्जी आईडी का उपयोग कर राजस्व चोरी करने के मामले को साइबर सेल द्वारा छानबीन कर सरकार को हुए राजस्व घाटे को जानकारी मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसके उपरांत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।





