प्रयागराज।नार्थ सेंट्रर रेलवे का एक हैरतअंगेज कारनामा सामने आया है।नॉर्थ सेंट्रर रेलवे ने अक्षय कुमार की फिल्म ओ माय गॉड की तरह भगवान को नोटिस भेजा है।मामला नार्थ सेंट्रल रेलवे के झांसी मंडल के मुरैना के सबलगढ़ रेलवे स्टेशन का है।जहां पर महाबली हनुमान जी को मंदिर खाली करने के लिए नोटिस रेलवे के बाबू ने भेजा है।यह मामला जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो रेलवे ने अपनी गलती मानते हुए नोटिस को वापस ले लिया।





बता दें कि रेलवे प्रखंड के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण का कार्य होना है।इसके लिए पूरे मार्ग में लगभग डेढ़ सौ से ज्यादा अवैध निर्माण करने वाले लोगों को नोटिस भेजा जा रहा था, ताकि रेलवे की भूमि पर अनाधिकृत रूप से किए गए निर्माण को हटाया जा सके।इसी क्रम में सबलगढ़ रेलवे स्टेशन के पास महाबली हनुमान जी का एक मंदिर है।यह मंदिर रेलवे की जमीन पर बना हुआ है।मंदिर के पुजारी हरि शंकर शर्मा को भी नोटिस दिया जाना था, लेकिन मानवीय त्रुटि के कारण नोटिस सीधे तौर पर हनुमान जी के नाम पर लिख दिया गया।रेलवे ने 8 फरवरी को नोटिस जारी किया था।नोटिस में महाबली हनुमान जी को अतिक्रमणकारी बताते हुए नोटिस में लिखा गया है कि हनुमान जी ने रेलवे की भूमि पर मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया है इसलिए रेलवे द्वारा उन्हें 7 दिन का समय दिया जा रहा है।मामले की जानकारी होते ही नोटिस को निरस्त करते हुए एक बार फिर से सही नाम और पते पर नोटिस भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में नार्थ सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक मानवीय त्रुटि के कारण ऐसा देखने को मिला।