जमशेदपुर। सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए आम बजट पर अपनी राय देते हुए कहा कि यह अमृत काल का पहला बजट देश के आम नागरिकों पर अमृत वर्षा के समान है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर बजट किसानों के लिए नए द्वार खोल रहा है, वहीं दूसरी ओर मजदूरों के लिए राहत की फुहार लेकर आया है। उन्होंने कहा कि श्री अन्न योजना के माध्यम से किसान मोटे अनाज के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित होंगे। वहीं दूसरी ओर आयकर की छूट की सीमा को बढ़ाकर 7 लाख रुपए करने से कर्मचारी वर्ग को भारी राहत भी मिलेगी। साथ ही टैक्स के स्लैब को घटाकर मात्र 5 वर्गों में रखने से उन्हें अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। उद्योगों के लिए भी यह बजट में खास है। विशेषकर एमएसएमई सेक्टर में विवाद से विश्वास स्कीम से इन्हें काफी लाभ मिलेगा।वहीं पैन कार्ड की उपयोगिता को बढ़ाते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि यह सिंगल बिजनेस आईडेंटिफिकेशन के रूप में काम करेगा। जिससे नए-नए स्टार्टअप के अलावा बहुत प्रकार के झंझटों से उद्यमियों को मुक्ति मिलेगी। जबकि बजट में रेलवे को लेकर 2.4 लाख करोड़़ रूपये का प्रावधान किया गया है।





इसके माध्यम से रेलवे का आधुनिकीकरण के साथ-साथ सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से आम जनता विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।





सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि इसके अलावा देश की आधारभूत संरचना को निरंतर मजबूती प्रदान करने के लिए बजट में अनेक प्रावधान किए गए हैं। जिसके माध्यम से सड़क, बंदरगाह समेत आधारभूत उद्योगों को काफी सहूलियत होगी। जिससे देश आने वाले वर्षों में विकास की एक नई कहानी लिखेगा।उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट विकासोन्मुख एवं आत्मनिर्भर भारत की ओर ले जाने वाला बजट है। सांसद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और देश के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस प्रकार का बजट पेश करने के लिए अपनी बधाई और शुभकामनाएं भी दी है।