गुमला जिले के भरनो प्रखंड में तैनात मनरेगा के सहायक अभियंता वरुण रमण को एसीबी ने बुधवार को 30 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।कूप निर्माण की बकाया धनराशि भुगतान करने के बदले में घूस मांगे जाने की शिकायत पर डीएसपी वचनदेव कुजुर के नेतृत्व में पहुंची एसीबी की 18 सदस्यीय टीम ने ये कार्रवाई की।
डीएसपी ने बताया कि करौंदाजोर पंचायत के मनरेगा अंतर्गत प्रमोद नाम के किसान ने 3.81 लाख की लागत से कूप निर्माण कराया था। इसमें 2.1 लाख की धनराशि का भुगतान हो चुका था। बाकी भुगतान के लिए सहायक अभियंता वरुण रमण ने 30 हजार रुपये मांगे थे।प्रमोद ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
शिकायत के बाद एसीबी ने अपना जाल बिछाया। सहायक अभियंता को पैसे देने के लिए प्रमोद के पास भेजा गया और जैसे ही वरुण रमण ने घूस के रुपये थामे आसपास सादी वर्दी में मौजूद एसीबी के जवानों ने उसे पकड़ लिया।
टीम ने वरुण रमण का हाथ धुलवाया तो केमिकल लगे नोट थामने के कारण पानी का रंग गुलाबी हो गया। इसके बाद एसीबी ने बीडीओ तेज हस्सा को घटना की जानकारी दी। एसीबी ने सहायक अभियंता के आवास पर भी दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद टीम उन्हें साथ लेकर रांची रवाना हो गई।





