रांची।झारखंड में हेमंत सोरेन की महागठबंधन की सरकार गिराने का षणयंत्र रचने के मामले में आरोपी रहे जामताड़ा के कांग्रेस विधायक डाॅ. इरफान अंसारी से सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लगभग नौ घंटे तक लंबी पूछताछ की।इरफान अंसारी सुबह लगभग 11 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे और रात आठ बजे तक ईडी के दफ्तर में रहे।





ईडी की पूछताछ में डाॅ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी हेमंत सोरेन की सरकार गिराने की साजिश नहीं रची। उन्हें पार्टी के भीतर व पार्टी के बाहर बदनाम किया गया है। वे विधायकों की खरीद-फरोख्त का हिस्सा कभी नहीं रहे।इरफान अंसारी ने ईडी को बताया कि वे अपने दो अन्य साथी विधायक राजेश कच्छप व नमन विक्सल कोंगाड़ी के साथ बीते साल 30 जुलाई को कोलकाता में साड़ी खरीदने जा रहे थे। साड़ी क्षेत्र में महिलाओं के बीच बांटने के उद्देश्य से खरीदने गए थे, क्योंकि थोक में साड़ियां सस्ती पड़ती हैं।इसके लिए तीनों विधायकों ने 49 लाख रुपये जुटाया था, जिसे कोलकाता पुलिस ने पकड़ा।ईडी के कहने पर इरफान अंसारी ने रुपयों के स्रोत से संबंधित कागजात को भी दिखाया और कहा कि ये रुपये वैध थे। उन्हें व उनके साथी विधायकों को फंसाने व बदनाम करने के लिए कांग्रेस पार्टी के भीतर व बाहर के प्रतिद्वंद्वियों ने उन पर गलत आरोप लगाया।





इरफान अंसारी ने ईडी को बताया कि उनके व उनके साथियों के विरुद्ध बेरमो से कांग्रेस के विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में जीरो प्राथमिकी दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि सरकार गिराने की साजिश में उन्हें भी शामिल करने की तैयारी थी। अनूप सिंह ने आरोप लगाया था कि उन्हें मंत्री पद व दस करोड़ रुपये का आफर दिया गया था। इन आरोपों को इरफान अंसारी ने एक सिरे से खारिज किया और कहा कि उन्होंने अनूप सिंह को रिश्वत की पेशकश कभी नहीं की।





बता दें कि विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने बीते साल 24 दिसंबर को ईडी की पूछताछ में बताया था कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही महागठबंधन की सरकार गिराने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा ऑपरेशन लोटस का नेतृत्व कर रहे थे।कोलकाता में गिरफ्तार तीनों विधायक डाॅ. इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी उस गेम प्लान का हिस्सा थे। बरामद रुपये भाजपा के थे, जिसे लेकर तीनों विधायक लौट रहे थे। अनूप सिंह अपने बयान पर कायम हैं।वहीं सरकार गिराने का षणयंत्र रचने के मामले में आज मंगलवार को खिजरी से कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप और बुधवार को कोलेबिरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी से ईडी पूछताछ करेगी। पूछताछ में आए तथ्यों के आधार पर ईडी आगे की कार्रवाई करेगी।तीनों विधायकों को 30 जुलाई कोलकाता पुलिस ने 46 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने तीनों को जमानत प्रदान की है।