गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुति देने वाली झारखंड की टीम का रक्षा राज्य मंत्री ने आवास पर किया अभिनंदन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दिल्ली में छोड़ी झारखंड की अमिट छाप
पीएम के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने में अहम भूमिका निभाएगा झारखंड:संजय सेठ
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची/नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय आयोजन में प्रस्तुति देने वाले झारखंड से जुड़े टीम के कलाकारों और युवाओं का रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में आवास पर अभिनंदन किया। इस दौरान झारखंड से जुड़े कलाकारों,युवाओं और बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां भी दी।प्रस्तुति के क्रम में कलाकारों ने छऊ, पाइका,झूमर,मुंडारी,उरांव,संथाली से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
इसके अलावा इस कार्यक्रम में कस्तूरबा विद्यालय पटमदा की बेटियों का भी अभिनंदन किया गया,जो गणतंत्र दिवस के दिन मुख्य मंच के सामने बैंड की प्रस्तुति देंगी।इस कार्यक्रम का संचालन एनसीसी के युवाओं ने किया।इस अभिनंदन कार्यक्रम में झारखंड के सांस्कृतिक क्षेत्र, एनसीसी सहित अन्य क्षेत्र की युवा टीम शामिल हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह मेरे लिए गौरव का विषय है कि झारखंड की अस्मिता को वैश्विक पटल पर ले जाने वाली इस टीम का अभिनंदन कर रहा हूं।आपकी यह प्रस्तुतियां नई दिल्ली में झारखंड की अमिट छाप छोड़ने वाली है।
संजय सेठ ने कहा कि भारतीय गणतंत्र दिवस के 76वें वर्षगांठ पर नई दिल्ली में आप सब विकसित भारत के लक्ष्य को अपनी सांस्कृतिक,वैचारिक और ऐतिहासिक समृद्धि के साथ पूर्ण करने को संकल्पित दिख रहे हैं। झारखंड सांस्कृतिक,ऐतिहासिक धरोहर,वीरता,शौर्य जैसे विषयों से हमेशा से समृद्ध रहा है। राष्ट्रीय पटल पर झारखंड की प्रस्तुतियां न सिर्फ भारत देखेगा बल्कि पूरी दुनिया देखेगी।यह एक ऐसा अवसर है जब झारखंड के युवा भारतीय गणतंत्र के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में विकसित भारत को पूर्ण करने का संकल्प ले रहे हैं।
इस अवसर पर बुलंदशहर के भोला सिंह, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा, विधायक नागेंद्र महतो, भाजपा कार्यालय सचिव शिवशक्ति नाथ बक्शी, पूर्व विधायक जीतू चरण राम सहित झारखंड से जुड़े कई अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।





