चतरा जिले के छह माइंसों पर 47 करोड़ 18 लाख 46 हजार 248 का लगा फाइन,प्रशाखीय मापी रहेगी जारी





जनवरी माह में 2 लाख 53 हजार सीएफटी बालू/पत्थर जप्त,18 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज





आगे भी अवैध खनन को लेकर प्रशासन सख्ती से करेगी कारवाई:रमेश घोलप







पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिला मुख्यालय के समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रमेश घोलप ने अवैध खनन,परिवहन और भंडारण के विरूद्ध अब तक जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर शनिवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।





प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त रमेश घोलप ने बताया कि झारखंड सरकार के निर्देश पर माइनिंग के क्षेत्र में इलीगल गतिविधियों चाहे वह अवैध खनन हो,परिवहन हो,भंडारण हो इस पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और चौकस है।





उपायुक्त रमेश घोलप ने मीडिया को जानकारी साझा करते हुए बताया कि एसी अरविंद कुमार की अध्यक्षता सम्बंधित क्षेत्र के एसडीओ,डीएमओ के अतिरिक्त सीओ समेत चार सदस्य टीम का गठन किया गया।पत्थर खनन पट्टों की प्रशाखीय मापी की जा रही है।अभी तक जो छः खनन पट्टों की मापी की गई है,उसमें 47 करोड़ 18 लाख 46 हजार 248 रुपए का फाइन अभी तक लगाया गया है तथा शेष खनन पट्टों की प्रशाखीय मापी की जा रही है जो खनन पट्टों की मापी हुई है उसमें भी कुछ माइंस की बढ़ोतरी की संभावना है और विगत एक माह में 2 लाख 53 हजार सीएफटी बालू/पत्थर का स्टॉक भी प्रशासन ने जप्त किया है। साथ ही 18 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया है और भविष्य में भी अवैध खनन को लेकर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगी।





बताते चले कि 6 खनन पट्टों के प्रशाखीय मापी में संजय कुमार सिंह मौजा सिकरी अंचल सिमरिया,जिससे 30538776.00 रुपए,बृजकिशोर तिवारी का जय शिव कंस्ट्रक्शन मौजा चटनिया अंचल चतरा को 141803610.00,रुपए, अमित कुमार सहाय का एपीएन डेवलपर्स एंड स्टोन प्राइवेट लिमिटेड मौजा चटनिया अंचल चतरा 172357677.00,रुपए,विनय कुमार सिंह का मां सुरूची स्टोन वर्क्स मौजा मिश्रौल अंचल चतरा 95507611.00, रुपए,मुकेश कुमार का चटनिया माइंस मौजा चटनिया अंचल हंटरगंज 8638574.00 रुपया का कुल फाइन किया गया हैं।इसमें 6वें माइंस में सीताराम बाबू मौज अकता हंटरगंज से 2 करोड 30 लाख रुपए का कारण पृच्छा मांगा किया गया है।जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उसपर भी फाइनल डिमांड किया जायेगा।





उपायुक्त रमेश घोलप ने मीडिया के प्रश्नों का उतर देते हुए कहा कि भुगतान को उक्त खनन पट्टों में कुछ खनन पट्टा क्षेत्र में चलान से अधिक खनन करते हुए पाया गया।कुछ प्रशाखीय मापी में खनन पट्टा क्षेत्र से अधिक क्षेत्र में खनन कार्य किया गया है।सभी माइंसों के उपर फाइन लगाया गया है। साथ ही वर्तमान में खनन कार्य को भी बंद करा दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि फाइन राशि में से जिला खनीज फाउंडेशन ट्रस्ट मद में जमा होने वाले 2801171.00 रुपए को डीएफएफटी गाइड लाइन के अनुसार जिले के विकास कार्यों में लगाया जाएगा।कुछ माइंस ऐसे भी हैं जो लीज एरिया से हटकर भी सरकारी जमीन पर उत्खनन का कार्य किया है उसका लीज रद्द करने का अनुशंसा किया गया है।उसी क्रम में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा उनको नोटिस भी निर्गत किया गया है। नियम के हिसाब से जो खनन का कार्य है उसपर भी रोक लगा दिया गया है।





उपायुक्त रमेश घोलप ने कहा कि जनवरी में प्रशासन द्वारा कुल 18 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं मयूरहंड थाना अंतर्गत में 2 लाख 29 हजार 800 सीएफटी बालू और 3800 सीएफटी स्टोन जप्त किया गया है। इस मामले में प्रशासन ने अवैध बालू भंडारण को लेकर सख्ती किया है संबंधित क्षेत्र के हल्का कर्मचारी सुदेश कुमार और चौकीदार धनेश्वर को सस्पेंड किया गया है।





उपायुक्त रमेश घोलप ने कहा कि इस संगीन मामले की लापरवाही को लेकर स्थानीय सीओ और थाना प्रभारी पर शोकॉज किया गया है साथ ही एसपी को इस संबंध में जानकारी देते हुए वहां से हटाने को कहा गया है।उपायुक्त ने कहा कि खनीजों के अवैध परिवहन में कुल 15 वाहन जप्त किए गए हैं। अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों से दंड की राशि 205838 रूप‌ए की वसूली भी की गई है।





उपायुक्त रमेश घोलप ने सभी से अपील करते हुए कहा कि अवैध खनन,परिवहन व भंडारण से संबंधित जानकारी अविलम्ब संबंधित अंचल अधिकारी,अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता,पुलिस अधीक्षक या मुझे दें।अवैध खनन, परिवहन व भंडारण में संलिप्त लोगों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।





उपायुक्त रमेश घोलप द्वारा आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता अरविन्द कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहुर आलम, जिला खान निरीक्षक राजेश हांसदा मौजूद थे।