रांची।चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में 17 अगस्त से बचाव पक्ष की ओर से बहस शुरू होगी।शुक्रवार को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके शशि की अदालत में 85 आरोपियों की तरफ से याचिका दायर कर समय मांगा गया। याचिका में कहा गया है कि पिछले आदेश के आलोक में हाईकोर्ट जाएंगे, इसलिए समय दिया जाए।जबकि लालू प्रसाद यादव सहित शेष अन्य आरोपियों की तरस से कहा गया कि कुछ दिनों का समय दिया जाए।अपने मुवक्किलों से बात कर बहस शुरू करना चाहते हैं। अदालत ने इसके बाद सुनवाई के लिए 17 अगस्त की तारीख निर्धारित की।
आपको बता दें कि बचाव पक्ष के अधिवक्ता 17 अगस्त से वर्चुअल मोड पर बहस करने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश एसके शशि ने अपराह्न ढाई बजे वर्चुअल के साथ फिजिकल कोर्ट में बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनी।
डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा चारा घोटाला कांड संख्या आरसी 47ए/96 मामले में लालू प्रसाद यादव, पूर्व सांसद जगदीश शर्मा, डॉ. आरके राणा, पीएसी के तत्कालीन अध्यक्ष ध्रुव भगत, तत्कालीन पशुपालन सचिव बेग जुलियस, तत्कालीन क्षेत्रीय निदेशक डॉ. केएम प्रसाद, पशुपालन अधिकारी डॉ. बीएन शर्मा समेत 108 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं।





