पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।राज्य सरकार द्वारा मंगलवार से नए स्टार्टअप आईडिया शेयर करने के लिए ऑफिसियल वेबसाइट पोर्टल को लांच किये जाने पर ख़ुशी व्यक्त करते हुए झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया।
चेम्बर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि झारखंड में स्टार्टअप इकोसिस्टम का पुनर्जन्म दिवस है।झारखण्ड स्टार्टअप पालिसी 2023 को लागू करने की दिशा में पहला कदम है। इसका लक्ष्य वर्ष 2028 तक 1000 स्टार्टअप्स को झारखंड में स्थापित करने का है।इस लक्ष्य प्राप्ति में झारखंड चेम्बर की स्टार्टअप उप समिति पिछले 2 वर्षों से प्रयासरत रही। हमने पिछले वर्ष स्टार्टअप कॉन्क्लेव का आयोजन भी कराया, विभागीय पत्राचार एवं सभी स्टार्टअप्स को जोड़कर रखने का प्रयास किया। प्रयासों को सफलता मिलने से हम उत्साहित हैं।
पोर्टल के आरम्भ होने पर मंगलवार को झारखंड चेम्बर के अध्यक्ष परेश गट्टानी,महासचिव आदित्य मल्होत्रा,स्टार्टअप उप समिति चेयरमैन अमित अग्रवाल और मनीष पियूष ने संयुक्त रूप से आईटी सचिव विप्रा भाल से मुलाकात कर इस प्रयास के लिए धन्यवाद दिया।साथ ही सरकार के साथ स्टार्टअप नीति लागू करने में कदम से कदम मिलाकर चलने का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,मुख्य सचिव,आईटी सचिव और एबीवीआईएल के सीईओ को धन्यवाद देते हुए आने वाले समय में स्टार्टअप के उज्जवल भविष्य की कामना की।
महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सरकार के इस प्रयास से राज्य में नए निवेश की संभानाएं तो बनेंगी ही।राज्य का प्रतिभा पलायन भी रुकेगा और अधिकाधिक संख्या में रोजगार का सृजन भी संभव होगा। उप समिति चेयरमैन अमित अग्रवाल ने यह भरोसा जताया कि सरकार के इस नए प्रयास से यहां के युवाओं का स्टार्टअप्स के प्रति रूचि बढ़ेगी और उनका राज्य से पलायन भी रुकेगा।
सरकार द्वारा आरम्भ किये गए इस पोर्टल की जानकारी नए स्टार्टअप उद्यमियों तक पहुंचाने के आईटी सचिव विप्रा भाल के आग्रह पर प्रतिनिधिमंडल ने हरसंभव प्रयास के लिए आश्वस्त किया। यह कहा गया कि अधिक से अधिक स्टार्टअप उद्यमियों को इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराया जायेगा।





