प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई बलदेव बस्ती निवासी सह जमशेदपुर हाई स्कूल की नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र प्रहलाद कर्मकार का गुरुवार की दोपहर 12 से 1 बजे के बीच क्लास रूम से रेडमी कंपनी का मोबाइल चोरी हो गया। जिसके बाद उसने स्कूल से छुट्टी होने के बाद मामले की शिकायत कदमा थाने में जाकर की। इस दौरान पुलिस ने थाने में उससे मोबाइल गुमशुदगी का फॉर्म भी भरवाया।





मामले में भुक्तभोगी छात्र प्रहलाद कर्मकार ने बताया कि स्कूल में 12 से 1 बजे के बीच टिफिन का समय है। जिस कारण मोबाइल को बैग में रखकर मैं अन्य साथियों के साथ टिफिन खाने क्लास रूम से बाहर चला गया। वहीं टिफिन खाकर वापस क्लास रूम में आकर जब मैंने अपना बैग चेक किया तो उसमें से मोबाइल गायब था। जिसके बाद मैंने इसकी शिकायत स्कूल की प्राचार्या रंजनी सिंह से की। साथ ही उन्हें क्लास रूम में लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज दिखाने की बात भी कही। मगर उन्होंने दिखाने से इंकार कर दिया। शायद कमरे का सीसीटीवी कैमरे खराब है।





छात्र प्रहलाद ने बताया कि वह बलदेव बस्ती में ही रहने वाले साथी के साथ साइकिल से स्कूल आना-जाना करता है। मगर सप्ताह में दो दिन गुरुवार और सोमवार को वह फुटबॉल प्रैक्टिस करने के लिए चला जाता है। इसलिए मैं सिर्फ गुरुवार और सोमवार को ही मोबाइल लेकर आता हूं। इस दिन छुट्टी के बाद मैं मोबाइल से कॉल कर बड़े भाई को बुलाता हूं और उसके साथ ही घर चला जाता हूं। चोरी हुआ मोबाइल मां का था और जिसकी कीमत 20 हजार रुपए है। बताते चलें कि जमशेदपुर हाई स्कूल बिष्टुपुर थाना अंतर्गत मेन रोड मेडिकल बस्ती के सामने है।