प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कदमा थाना अंतर्गत रामनगर रोड 7 स्थित काली मंदिर जुस्को के बाउंड्री वाल से सटे एक जमीन के टुकड़े के मामले पर थाना में स्थानीय अनीता रजक के द्वारा पूरे परिवार पर जालसाजी, चोरी और एससी-एसटी के तहत मामला दर्ज करा दिया गया है। जिसमें संजय ठाकुर उसके साले महेंद्र ठाकुर, पत्नी और बेटी को भी आरोपी बनाया गया है।मामला दर्ज होने से भुक्तभोगी संजय ठाकुर और उसके पूरे परिवार में भय का माहौल है।
मामले में अनीता रजक का कहना है कि उन्होंने उक्त जमीन को पति रवि रजक की बीमारी के कारण एक इकरारनामा पर राजकुमार ठाकुर उर्फ छोटू ठाकुर को 4 लाख रुपए में बेच दिया है। जिसपर संजय ठाकुर ने कब्जा जमा लिया है।
मामले में संजय ठाकुर ने बताया कि धातकीडीह हरिजन बस्ती में वे सलून चलाते हैं और जिससे उनके पूरे परिवार का भरण पोषण होता है। उन्होंने 10 से 15 साल पहले संजय रजक और बादल रजक से उक्त जमीन को खरीदा था। जिसके बाद से वे परिवार के साथ किसी तरह एस्बेस्टस का घर बनाकर उसी जमीन पर रह रहे हैं। जिस अनीता रजक ने हम पर थाने में मुकदमा दायर किया है, संजय रजक और बादल रजक उन्हीं के परिवार के सदस्य हैं। जुस्को द्वारा चारदीवारी निर्माण से पहले अनीता रजक को हमारी जमीन से पहले मौजूद उनकी जमीन पर घर बनाने के लिए भी कहा था। मगर वह नहीं बनाई। जिसके कारण जुस्को ने उनकी जमीन को साथ लेकर चारदीवारी का निर्माण कर दिया और अब वह हमारी जमीन पर दावा कर रही है।
संजय ठाकुर ने कहा कि जमीन खरीदने का दावा करने वाला राजकुमार ठाकुर उर्फ छोटू ठाकुर कदमा थाना के बड़ा बाबू का प्राइवेट चालक है। जिसकी आड़ में वह हमारी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जब भी थाने में कोई नया थाना प्रभारी आता है तो वह मुझे थाने बुलवाता है और जहां मुझपर जमीन को छोड़ने के लिए दबाव बनाता है। वहीं पूर्व थाना प्रभारी मनोज ठाकुर के समय में भी छोटू ठाकुर ने मुझे थाने पर बुलवाकर जमीन देने का दबाव बनाया था। साथ ही वर्तमान थाना प्रभारी के समय भी वह मुझे थाने पर बुलवा रहा है। मगर मैं नहीं गया। मैंने साफ कह दिया कि मैं मर जाऊंगा, मगर अब थाने पर नहीं जाऊंगा और ना ही अपनी जमीन किसी को दूंगा। वह कभी अपने साथ पुलिस अधिकारी तो कभी सरकारी अधिकारी को मेरे घर लाकर मुझे घर तोड़ने की धमकी भी देता है। वह फोन पर भी बात करवाकर पुलिस से मुझे धमकी दिलवाता है। इन्हीं सब कारणों को लेकर मुझे और मेरे परिवार के ऊपर झूठा आरोप लगाते हुए छोटू ठाकुर के सह पर अनीता रजक ने मामला दर्ज करा दिया है। जिससे मेरा पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। साथ ही संजय ठाकुर ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष रुप से जांच करने की मांग भी की है और उच्च अधिकारियों से अपने परिवार की जान माल की रक्षा की गुहार भी लगाई है।
मामले में थाना प्रभारी अशोक कुमार राम ने कहा कि संजय ठाकुर को कई बार हमने थाने पर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया, लेकिन मगर वह नहीं आया। फिलहाल अनुसंधान में जो बात सामने आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि इससे पूर्व भी अनीता रजक और उसके परिवार ने टाटा स्टील की कई एकड़ जमीन को अपने पूर्वज भततु धोबी की जमीन बताकर दावा किया था। मगर इनके द्वारा अधिकारियों के पास वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जिसके बाद टाटा स्टील ने पूरे जमीन पर चारदीवारी कर पार्क का निर्माण कर दिया।जिसका मामला हाईकोर्ट में लंबित है। वहीं चारदीवारी के आसपास की पूरी जमीन ही टाटा स्टील लीज की है और जिसपर स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर घर बना लिया है। अब भी जिस जमीन पर अनीता रजक अपना दावा करनी है, वह जमीन भी टाटा लीज की है। इस पूरे मामले में वरिय अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है। ऐसा इसलिए की कहीं उत्तर प्रदेश की तरह एक और घटना ना हो जाए।





