विशेष संवाददाता
रांची। सामाजिक वैचारिक मंच रांची रिवोल्ट जनमंच की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को राजधानी के कचहरी चौक स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में इस बात पर गंभीर चिंता व्यक्त की गयी कि झारखंड के लोगों को जमीन, फ्लैट, दुकान एवं मकान की खरीद-बिक्री एवं रजिस्ट्री में अनेक विकट चुनौतियों और समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण एक ओर लोग मानसिक रूप से परेशान हैं वहीं, दूसरी ओर उनके जीवन भर की जमा-पूंजी, दलाल एवं भ्रष्ट तत्वों के चक्कर में धोखाधड़ी का शिकार हो रही है।
बैठक में बोलते हुए अधिवक्ता एवं रांची रिवोल्ट जनमंच के संयोजक डॉ.प्रणव कुमार बब्बू ने कहा कि, झारखण्ड में जो भी व्यक्ति भूमि, फ्लैट, मकान एवं दुकान में निवेश के इच्छुक हैं, उनके सामने अनेक प्रकार की चुनौतियाँ सामने आ रही है. इससे झारखण्ड में न केवल सामाजिक वातावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि यहां प्रॉपर्टी में निवेश के प्रति निराशाजनक माहौल है। इसके कारण झारखण्ड का औद्योगिक, सामाजिक एवं नगरीय विकास की सोच के साथ ही सम्पूर्ण व्यवस्था को आघात पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में हम झारखंड के उस सपने से निरंतर दूर होते जा रहे हैं, जिसके कारण झारखण्ड अलग प्रदेश का गठन किया गया था।
डॉ.बब्बू ने कहा कि जमीनी स्तर पर झारखण्ड में निवेश के इच्छुक लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही रांची रिजल्ट जनमंच एक व्यापक अभियान शुरू करेगा और निवेश के इच्छुक लोगों की मदद के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की जायेगी। इसके तहत तैयार प्लेटफार्म का प्रत्यक्ष फायदा झारखण्ड के लोगों को मिलेगा। इसके तहत राजधानी रांची के साथ ही झारखण्ड के विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जायेगा। जहां उन्हें जमीन की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के साथ ही जमीनी वास्तविकताओं से अवगत कराया जायेगा और उन सभी बातों की जानकारी दी जायेगी जिसके कारण झारखण्ड में निवेशकर्ताओं को छल-कपट एवं धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ा रहा है।
आज की बैठक में रांची रिवोल्ट जनमंच के संयोजक डॉ.प्रणव कुमार बब्बू के साथ ही वरिष्ठ सदस्य उपेंद्र कुमार बबलू, दीपक साहू, मोहम्मद नासिर, संतोष, दीपक, विनोद साहू, नरेंद्र कुमार सिंह, राकेश रंजन बबलू, विजय कुमार दत्त पिंटू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी विजय दत्त पिंटू ने दी।





