जिला निर्वाचन पदाधिकारी, नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वीप कोर समिति की बैठक
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक पहल किए जाने पर बल देते हुए कहा कि नए युवा मतदाताओं को जोड़ने की दिशा में सबकी सहभागिता आवश्यक
पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शनिवार को जिला स्तरीय स्वीप कोर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने प्रपत्रों की अद्यतन स्थिति, ई-राल मैनेजमेंट, ईआरओ नेट, लॉजिकल एरर, गरुड़ एप, ई-पिक डाउनलोड, ई-पिक, हेल्प डेस्क, टॉल फ्री नंबर 1950 सहित अन्य प्रविष्टियां आदि की समीक्षा की।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि डुमरी उप चुनाव को ध्यान में रखते हुए सारी तैयारियां जोरों शोरों से की जा रही है। इसके मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों के वेरिफिकेशन का कार्य सौंपा गया है,जिसमें रूट का सत्यापन, डिस्पैच सेंटर, पेयजल की उपलब्धता शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिला अंतर्गत चुनाव पाठशाला के अंतर्गत कुल 170 विद्यालय में इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब का गठन किया गया है। साथ ही कुल 19 महाविद्यालयों में इलेक्ट्रॉन लिटरेसी क्लब (न्यू वोटर्स) का गठन किया गया है।उन्होंने बताया कि सभी 2393 मतदान केंद्रों में चुनाव पाठशाला का गठन किया गया है एवं सभी सरकारी कार्यालय एवं फैक्ट्री/मॉल में कुल वोटर अवेयरनेस 100 का गठन किया गया है।
इसके अलावा बैठक में 33 डुमरी विधानसभा उपचुनाव 2023 के निमित्त लो वोटर टर्नआउट पोलिंग स्टेशन पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2019 में इस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत 69.74% रहा था तथा राज्य का औसत मतदान प्रतिशत 65.30% रहा था,जिसे दुरुस्त करते हुए 75% से अधिक वोटर टर्नआउट पोलिंग करने के विषय में चर्चा की गई। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले में कुल 25 केंपस एम्बेसडर नियुक्त किए गए हैं। ताकि मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यों को सुगमता पूर्वक किया जा सके। इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आगामी लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए दिव्यांग व पोलोमोटिव पीडब्ल्यूडी मतदाता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक सुरक्षा कोषांग से 110 व्हील चेयर क्रय करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में स्वीप कार्ययोजना के बेहतर क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षण हेतु गठित जिला स्तरीय स्वीप कोर कमेटी की बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक पहल किए जाने पर बल देते हुए कहा कि नए युवा मतदाताओं को जोड़ने की दिशा में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में साथ बैठक कर मतदाता जागरूकता से संबंधित विभिन्न पहलुओं को अवगत कराया जायेगा।
उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी और मताधिकार का उपयोग करने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नए युवा मतदाताओं को मतदाता जागरूकता से संबंधित विभिन्न पहलुओं को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा मताधिकार के प्रयोग हेतु उन्हें प्रोत्साहित किया जायेगा। उन्होने स्वीप गतिविधियों के दौरान 80 प्लस से ऊपर, पीडब्ल्यूडी मतदाता, दिव्यांग तथा थर्ड जेंडर मतदाताओं पर ध्यान केन्द्रीत कर निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने के लिए पहल कर उन्हे मतदाता परिचय पत्र की सुलभता सहित मताधिकार का प्रयोग किए जाने प्रेरित किया जाए।
उन्होने स्वीप गतिविधियों के लिए डिस्ट्रीक्ट आईकॉन, डिस्ट्रीक्ट आईकॉन (दिव्यांग) और थर्ड जेंडर नियुक्त करने के लिए प्रसिद्ध व्यक्तियों का प्रस्ताव प्राप्त करने को कहा।इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 हेतु मतदाता सूची नाम सम्मिलित करने हेतु कुल 4 अहर्ता तिथि तय की गई है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही मतदाताओं को जागरूक करने हेतु प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में मतदाता सूची, ईपिक कार्ड से संबंधित शिकायतों के निवारण एवं निष्पादन के लिए हेल्पडेस्क का संचालन किया जा रहा है, जो सुबह 09 बजे से शाम 07 बजे तक संचालित होगी।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले का कोई भी नागरिक किसी भी समय, किसी भी प्रश्न या शिकायत के लिए अंग्रेजी या हिंदी में टोल-फ्री पर कॉल कर सकते हैं। कॉल करने वाले लोग चुनाव, मतदान की तिथियां,एपिक, निर्वाचक नामावली, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जैसे विषयों पर पूछताछ कर सकते हैं और शिकायत दर्ज कर सकते हैं।राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल इस उद्देश्य से विकसित किया गया है कि निर्वाचकों को एक ही जगह से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। एनवीएसपी के माध्यम से उपयोगकर्त्ता विभिन्न सेवाएं प्राप्त कर सकता है।जैसे निर्वाचक सूची देखना, मतदाता पहचान कार्ड के लिए आवेदन करना, मतदाता कार्ड में संशोधन हेतु ऑनलाइन आवेदन करना, मतदान बूथ, विधान सभा निर्वाचन-क्षेत्र एवं संसदीय निर्वाचन-क्षेत्र के विवरण को देखना और अन्य सेवाएं प्राप्त करने के साथ-साथ बूथ स्तरीय अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के संपर्क विवरण प्राप्त करना। अधिक जानकारी के लिए एनवीएसपी की आधिकारिक सरकारी वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यूडॉट एनवीएसपीडॉटइन पर जाएं।
बैठक में उपरोक्त के अलावा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीडी न्यूज के ब्यूरो चीफ, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ, नेहरू युवा केंद्र के रवि मिश्रा, सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर व निर्वाचन विभाग के अधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।





