धनबाद।सोमवार की रात चोरों ने निरसा भलजोरिया की खुदिया नदी के किनारे श्मशान घाट पर मां भवतारिणी मंदिर में मां काली की प्रतिमा से लाखों के गहनों को चुरा लिए।चोरी किए गहनों की कीमत लगभग तीन लाख रुपए बताई जा रही है।कुख्यात चोर कमल साव का शव मंदिर के पास ही खुदिया नदी में लहूलुहान बरामद किया गया है।
पुलिस चोरी और शव की गुत्थी को सुलझाने के लिए जुटी है।संभावना है कि चोरी किए गए गहनों के बंटवारे के चक्कर में साथियों ने कुख्यात चोर कमल साव की हत्या कर दी,बैरहाल पुलिस दो पहलुओं पर जांच कर रही है।पुलिस का मानना है कि चोरों ने चोरी करने के बाद गिरोह के सदस्यों के बीच गहनों के बंटवारे के लिए झगड़ा हुआ होगा और अन्य चोरों ने कमल की हत्या कर दी होगी।दूसरा ये कि कमल को किसी ने चोरी करते हुए पकड़ लिया होगा और पिटाई के कारण कमल की मौत हुई होगी। इन दोनों पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
मंगलवार की सुबह पांच बजे मंदिर की देखभाल करने वाले असीम पाल और स्वपन गोराईं जब मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर में लाइट जल रही थी और पंखा भी चल रहा था। मंदिर का गेट बंद था लेकिन ताले टूटे हुए थे।
असीम पाल ने बताया कि मंदिर में छह ताले लगे थे जिसे तोड़ कर चोर अंदर घुसे थे। चोरों ने मां काली की प्रतिमा से गले से तीन सोने के हार, एक कानबाली, एक झुमका और मंदिर की आलमारी तोड़ कर 10 हजार रुपए नकद, सोने की चार बिंदिया चोरी कर ली।
असीम पाल ने बताया कि मंदिर से सटा हुआ निमार्णाधीन शिव मंदिर के पास खून के धब्बे मिले हैं। मंदिर की चाहरदीवारी पर भी खून के छींटे हैं। निमार्णाधीन मंदिर से किसी को घसीटने के भी निशान मिले है। कमल साव के साथ इसी जगह पर मारपीट की गई होगी।फोरेंसिक जांच के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो पाएगा।हत्यारों ने सोचा होगा कि शव नदी में बह कर दूर चला जाएगा।
चोरी और कुख्यात चोर के मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी।पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू की। कमल साव का शव पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया।
निरसा थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने कहा कि नदी से जिसका शव बरामद किया है, वह कई चोरी के कांडों में वांछित था। पास की मंदिर में चोरी की भी वारदात हुई है। पुलिस पता लगा रही है कि मंदिर की चोरी और नदी में मिले शव के क्या कनेक्शन हैं। चोरों के आपसी विवाद के बिंदु पर भी जांच हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सभी बिंदुओं पर जांच होगी। पुलिस क्षेत्र के सक्रिय सभी चोरों की खोजबीन में जुट गई है। चोरों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है। गुप्तचरों को भी सक्रिय किया गया है।





