खूंटी।झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और पद्म भूषण कड़िया मुंडा का कुशलक्षेम जानने के लिए उनके पैतृक गांव अनिगड़ा के चंडाडीह पहुंचे।रघुवर दास के साथ हटिया के विधायक नवीन जायसवाल भी थे।कड़िया मुंडा के आवास पर लगभग आधे घंटे तक दोनों नेताओं की बीच बातचीत हुई। 86 के कड़िया मुंडा को पूरी तरह स्वस्थ देखकर दोनों नेताओं ने कामना की और विश्वास जताया कि वे उम्र का शतक लगाकर एक और कीर्तिमान स्थापित करेंगे।



रघुवर दास ने कहा कि उनको सूचना मिली कि कुछ दिन पूर्व पद्म भूषण कड़िया मुंडा ने मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया है।इसी लिए उनका हाल जानने के लिए उनके घर पहुंचे हैं। कड़िया मुंडा हम सबके अभिभावक हैं। इस दौरान अन्य कई विषयों पर भी कड़िया मुंडा और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा हुई।चर्चा में रनिया के केलो गांव की मीरा देवी छायी रही।



रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने मन की बात में मीरा देवी से बात करेंगे और ये खूंटी सहित पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने मीरा देवी के साथ रघुवर दास की फोन से बात भी कराई।रघुवर दास ने मीरा देवी को बधाई दी और पूछा कि उनके कार्यकाल में दुमका में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में वह शामिल हुई थी या नहीं। इस पर मीरा देवी ने बताया कि उस शिविर में शामिल होने के बाद ही उसे अपने सपनों को उड़ान देने का हौसला मिला।



पद्म भूषण कड़िया मुंडा के साथ चर्चा के बाद पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल पर रघुवर दास ने कहा कि खूंटी में निर्माणाधीन रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय सहित उनके कार्यकाल में संचालित अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ठंडे बस्ते में डाल रही है।साल में पांच लाख युवाओं को नौकरी देने के झूठे वादे कर सत्ता में आई हेमंत सरकार अब युवाओं से रोजगार छीनने का काम कर रही है। अपने 19 माह के कार्यकाल में इस सरकार ने राज्य को विकास की जगह विनाश की ओर धकेलने का काम किया है।



इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि काशीनाथ महतो, नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश जायसवाल, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष राजेश महतो, ज्योतिष भगत, अनूप साहू, आनंद कुमार, संजय साहू, आदित्य गुप्ता, प्रियांक भगत, संतोष जायसवाल, बबलू ठाकुर, सूरजू गुप्ता, प्रदीप राम सहित अन्य कार्यकर्ता वहां उपस्थित थे। इसके पूर्व खूंटी पहुंचने पर नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश जायसवाल के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री व हटिया के विधायक नवीन जायसवाल का जोरदार स्वागत किया गया। दोनों नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।