हजारीबाग।झारखंड और बिहार में वांछित 25 लाख का इनामी नक्सली प्रद्युम्न शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।भाकपा माओवादी के सीनियर एक्शन कमेटी के वरिष्ठ कमांडर प्रद्युम्न शर्मा उर्फ कुंदन उर्फ साकेत पूर्व लूल्हा को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रद्युम्न शर्मा पर झारखंड और बिहार में 90 से अधिक मामले दर्ज हैं।झारखंड पुलिस ने इस पर 25 लाख और बिहार पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 1996 से भाकपा माओवादी संगठन का सक्रिय सदस्य रहा है।

हजारीबाग एसपी मनोज रतन चोथे ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर प्रद्युम्न शर्मा की गिरफ्तारी की जानकारी दी।एसपी ने बताया कि प्रद्युम्न शर्मा अपने दस्ते के उग्रवादियों के साथ चौपारण थाना क्षेत्र के दासोकरमा, कोठो, बुकाड़़, गरमोरवा, पत्थरगड़वा क्षेत्र में लगातार घूम रहा था। एसपी ने बताया कि इसकी गोपनीय सूचना मिलने पर सशस्त्र बलों ने तलाशी अभियान चलाया।ऑपरेशन के दौरान ग्राम कोठो, डूमर पहाड़ से नीचे उतरे नाले की तरफ से बेबराटांड़ देव पहाड़ की ओर जाते हुए दो लोग दिखायी दिए।

सुरक्षा बलों पर नजर पड़ते ही दोनों भागने लगे। इस पर सुरक्षा बलों ने एक को रपटा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम और पता प्रद्युम्न शर्मा उर्फ कुंदन उर्फ साकेत उर्फ लूल्हा, ग्राम रुस्तमपुर थाना हुलासगंज, जिला जहानाबाद बताया। एसपी ने कहा कि प्रद्युम्न शर्मा की गिरफ्तारी से हजारीबाग जिला को उग्रवाद प्रभावित से मुक्त बनने में मदद मिलेगी।