रांची।झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ रविवार शाम चार बजे जातीय जनगणना और सरना धर्म कोड को जनगणना में शामिल करने की मांग को लेकर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मिलेगा। सीएम सोरेन दिल्ली शनिवार को इस बैठक के लिए पहुंच गये हैं।
झामुमो की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, आजसू से सुदेश महतो, राजद से श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, भाकपा माले से विधायक विनोद कुमार सिंह, एनसीपी से कमलेश सिंह, सीपीएम से सुरेश मुंडा, एमसीसी से अरुप चटर्जी, सीपीआई की ओर से पूर्व लोकसभा सदस्य भुवनेश्वर मेहता 11 सदस्यीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हैं।
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जनणगना में सरना धर्म कोड का अलग कॉलम शामिल करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से झारखंड विधानसभा से पारित कर केंद्र सरकार को पहले भेजा जा चुका है।देश में जातीय जनगणना भी होनी चाहिए और इस बैठक में इस मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। झामुमो के केंद्रीय महासचिव ने कहा कि भाजपा सरना धर्म कोड के प्रस्ताव पर सदन में सहमति दे चुकी है। सर्वदलीय बैठक में भाजपा का शामिल होना अपेक्षित था।
भाजपा भी सर्वदलीय बैठक में प्रतिनिधित्व करेगी।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि वो इस बैठक में मौजूद रहेंगे।मुख्यमंत्री ने उनको पत्र भेजकर बात कर आमंत्रित किया।भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि सर्वदलीय बैठक में पार्टी नेतृत्व के निर्णय के अनुसार शामिल होंगे।
आपको बता दें कि एक दिन पहले तक सर्वदलीय बैठक में भाजपा की तरफ से प्रतिनिधित्व करने को लेकर शंका बनी हुई थी।





