रांची।कोडरमा में खस्ताहाल सड़क होने पर झारखंड हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। सड़क खस्ताहाल होने के कारण यहां काफी दुर्घटना हो रही थी। दो साल पहले चीफ जस्टिस सड़क मार्ग से पटना जा रहे थे। उस दौरान उनके कारकेड के वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे।

रांची-पटना नेशनल हाईवे की खस्ताहाल हालत में सुधार न होने पर हाईकोर्ट ने बेहद नाराजगी जाहिर करते हुआ पूछा कि एक ही बारिश में सड़क क्यों बह गयी। सड़क की मरम्मत सही तरीके से क्यों नहीं की गयी। चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन और जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत ने एनएचएआई को अगले सप्ताह विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।



गुरुवार को सुनवाई के दौरान एनएचएआई की ओर से बताया गया कि कोडरमा में सड़क की मरम्मत कर दी गयी है। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि वह दो दिन पहले ही उस रास्ते से गुजरे हैं। सड़क की हालत अभी भी खस्ताहाल है। इस पर एनएचएआई ने कहा कि सड़क की मरम्मत की गयी थी, लेकिन बरसात के कारण सड़क फिर खराब हो गयी। इस पर कोर्ट ने कहा कि एनएचएआई कोर्ट के आदेश को गंभीरता से ले। अदालत ने एनएचएआई को अगले सप्ताह विस्तृत रिपोर्ट पेश कर बताने को कहा कि सड़क पूरी तरह कब तक बन कर तैयार हो जाएगी।