प्रतिनिधि,जमशेदपुर।चक्रधरपुर रेल मंडल क्षेत्र में आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन नार्कोस के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची 22862 इस्पात एक्सप्रेस कोच नंबर डी-टू में जांच के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। इस दौरान टीम ने 20 पैकेट में लगभग 21.23 किलो गांजा बरामद किया है। जिसका बाजार मूल्य 4 लाख 21 हजार रुपए आंका जा रहा है। साथ ही गांजा ले जा रहे रांची के सफहाद अंसारी और महिला कामरून निशा को भी आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। वहीं तलाशी के क्रम में आरपीएफ ने इनके पास से तीस हजार रुपए मूल्य के दो मोबाइल समेत नगद चार हजार रूपए भी बरामद किया है।
छापामारी के क्रम में महिला कामरून निशा ट्रेन से आरपीएफ को चकमा देकर भाग गई थी। जिसके बाद उसे पार्सल कार्यालय के पास पकड़ लिया गया। वहीं चक्रधरपुर रेल मंडल आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट ओंकार सिंह द्वारा गठित स्पेशल व फ्लाइंग टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। जिसमें टाटा पोस्ट व जीआरपी का भी सहयोग रहा।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि रांची का इरशाद मुख्य हैंडलर है और संबलपुर की पवित्रा नामक महिला से वे गांजा लेकर आ रहे थे। गिरफ्तार गांजा तस्करों के खिलाफ टाटा जीआरपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार दोनों को जेल भेज दिया गया है।





