प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिस्टुपुर स्थित यूनाइटेड क्लब में बुधवार टाटा स्टील द्वारा कोल एंड कोक मेकिंग 2023 पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट आयरन मेकिंग उत्तम सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उक्त कार्यक्रम कोल एंड कोक मेकिंग प्रक्रिया नियंत्रण में मौलिक सिद्धांतों और नवाचारों पर केंद्रित था और जो कोक बनाने के साथ साथ कोयले की उपलब्धता में भविष्य की चुनौतियों पर भी जोर देता है।
कार्यशाला में कोक निर्माण से संबंधित सभी कार्यक्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 50 से भी अधिक प्रतिभागियों को एक साथ लाया गया,जो कोल एवं कोक निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा, विचार-विमर्श, आदान-प्रदान और अन्वेषण करने के लिए एक विशेष तकनीकी मंच प्रदान करता है। कोयले और कोक की विशेषताओं की अंतर्दृष्टि और कोयले को ग्रेफाइट में बदलने की प्रक्रिया, पायलट ओवन के माध्यम से कोयले और कोक की गुणवत्ता का आकलन, कोक ओवन डिजाइन का सिद्धांत जैसे विषय को कवर किया गया। कोल एंड कोक मेकिंग कार्यशाला 2023 के पहले दिन, कोयला एवं कोक निर्माण से जुड़े उद्योग के प्रतिष्ठित पेशेवरों द्वारा मुख्य व्याख्यान और तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। जबकि 9 फरवरी को प्रतिष्ठित पेशेवरों के साथ पांच तकनीकी सत्रों की योजना है।





