विशेष संवाददातारांची। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने शनिवार को नगड़ी स्थित भारतीय खाद्य निगम एवं कडरू स्थित राज्य खाद्य निगम के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग एवं अन्य पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।
सर्वप्रथम नगड़ी स्थित एफसीआई गोदाम पहुंचे उपायुक्त
उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा निरीक्षण के क्रम में पहले नगड़ी स्थित भारतीय खाद्य निगम के गोदाम पहुंचे। यहां उपायुक्त ने डिपो इंचार्ज जीवन किशोर राम से रेल हेड से खाद्यान्न को प्रखंड तक भेजे जाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। गोदाम में शेड डिस्ट्रीब्यूशन, स्टॉकिंग, खाद्यान्न सुरक्षा आदि की जानकारी उपायुक्त ने ली। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि एक स्टॉक में 7 ब्लॉक होते हैं और खाद्यान्न की सुरक्षा जैसे- चूहे और कीड़ों से बचाव के लिए नियमित तौर पर सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जाते हैं। उपायुक्त ने गोदाम में चल रही लोडिंग की प्रक्रिया को भी करीब जाकर देखा।
कडरू स्थित एसएफसी गोदाम का भी निरीक्षण
एफसीआई नगड़ी का निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा एसएफ़सी कडरू पहुंचे। गोदाम पहुंचकर उन्होंने स्टाक पंजी, आयात पंजी, निर्यात पंजी, भारतीय खाद्य निगम से मिले आवंटन, गोदाम में अनाज के रखरखाव, डिलीवरी की व्यवस्था, साफ सफाई आदि बिंदुओं की जांच की। इस दौरान उन्होंने गोदाम प्रबंधक को अनाज के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिये।
उपायुक्त द्वारा प्राप्त अनाज के वितरण का रजिस्टर से मिलान भी किया गया। गोदाम में नमक और चीनी के रखरखाव की भी जांच उपायुक्त द्वारा की गई। सभी प्रखंडों में खाद्यान के ससमय उठाव और वितरण को लेकर उपायुक्त द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भी आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिए गए।





