विशेष संवाददाता
रांची। त्रिपुरा में होने वाले विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर राजधानी रांची में वामदलों ने संयुक्त रूप से बुधवार को प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं ने कहा कि त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव 16 फरवरी को होगा और पिछले 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद हो चुका है,लेकिन बीजेपी का उद्देश्य है कि वहां निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में चुनाव ना हो।इसलिए वहां चुनाव कार्यों के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल की जगह भाजपा शासित गुजरात और असम की पुलिस को भेजा गया है। वहां इन राज्यों की पुलिस को भेजा जाना इस संदेह को बल प्रदान करता है कि चुनाव में इनका गलत इस्तेमाल किया जाएगा । दूसरी ओर भाजपा शासित राज्य असम के मुख्यमंत्री वहां कैंप किए हुए थे ताकि वह अपने राज्य की पुलिस का चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल कर सकें।
इसलिए वामदलों ने मांग किया है कि निर्वाचन आयोग त्रिपुरा में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराया जाना सुनिश्चित करे, ताकि भयमुक्त वातावरण मे त्रिपुरा के मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग कर सकें।इसलिए वामदलों ने बुधवार को झारखंड के विभिन्न जिलों में त्रिपुरा मे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर जुलूस और प्रदर्शन आयोजित किया।
राजधानी रांची में माकपा और भाकपा द्वारा जुलूस निकाल कर अल्बर्ट एक्का चौक पर सभा की गई। इस संयुक्त कार्यक्रम मे माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, भाकपा के अजय सिंह के अलावा सुखनाथ लोहरा, प्रफुल्ल लिंडा, एसके राय, प्रकाश टोप्पो,एम चौधरी, जयंत पांडे, विरेन्द्र कुमार, बीणा लिंडा, विनय तिर्की, रोहित कच्छप, सुमंत साहु, मनोज ठाकुर, उमेश मेहता, राजू बर्मन समेत वामदलों के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे ।





