प्रतिनिधि,हजारीबाग। टाटीझरिया में अब तक थाना का अपना भवन नहीं है,जिस वजह से इसे एनएच के डाक बंगला में थाना की स्वीकृति मिलते ही शिफ्ट किया गया था। अब भी उसी भवन में थाना चल रहा है।इसी बीच पिछले कुछ वर्षों से थाना के भवन निर्माण के लिए जमीन की खोज की जा रही थी,जिसे चिन्हित कर उस पर भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा था। अचानक अप्रैल माह में इसका काम बंद हो गया और इसके किसी कर्मी का भी यहां अता -पता नहीं है। हालांकि निर्माण स्थल पर बालू,स्टोन चिप्स और ईंट रखे हुए हैं।





अपुष्ट खबरों के अनुसार भवन निर्माण स्थल के कुछ भूभाग जंगल के सीमा में है अथवा जंगल में कुछ सामग्री रखी गई हो। संभवतः इसके निर्माण के रुकने की वजह भी यही हो। वैसे इस संबंध में वनपाल संजीत कुमार रविदास ने बताया कि ठेकेदार को उन्होंने कहा था कि जंगल का सीमांकन देख लीजिएगा ,तब ही काम कीजिएगा। तब से काम ही रुका पड़ा है।