झारखंड।खूंटी सिमडेगा एसएच 23 पर तोरपा के चुरगी मोड़ के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। परिवार के दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।घायलों को रिम्स रेफर किया गया है। बताया जाता है कि ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के पानपोस का रहने वाला ये परिवार बंगाल के रानीगंज से राउरकेला जा रहा था।मृतकों में कन्हैया जैन, उनकी पत्नी रमा, 12 वर्षीय बेटा ऋषभ और ढाई साल की नित्या शामिल हैं। तो वही वशिष्ठ जैन और वंशिका घायल हैं। दोनों भाई-बहन हैं और कन्हैया के भाई के बच्चे हैं।कन्हैया जैन कोयला और आयरन का कारोबार करते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कन्हैया जैन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ रानीगंज रक्षाबंधन में गए हुए थे।बुधवार सुबह रांची होते राउरकेला लौट रहे थे। अरुण नाम का ड्राइवर कार चला रहा था। दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार कार एक बड़े वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे एक पेड़ में टकराते हुए खेत में चली गयी।पेड़ में टकराने के कारण कार की चिपट गयी थी जिससे अंदर बैठे सभी लोग बुरी तरह से दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर अंदर दबे दो लोगों को निकलवाया। चिकित्सा प्रभारी डा एन मांझी मेडिकल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये थे। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को निकालने में काफी मदद की। इधर दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि राखी बंधवाने के लिए बंगाल गये हुए थे।कन्हैया जैन की बहन रानीगंज में रहती है।कन्हैया की पत्नी रमा जैन का मायका रघुनाथपुर है। रमा ने अपने भाइयों को राखी बांधी वहीं कन्हैया अपनी बहन से राखी बंधवाकर वापस लौट रहे थे। दोनो अपने बच्चों व छोटे भाई के दो बच्चों को साथ लेकर सोमवार को राउरकेला से गये थे।
सड़क हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन व स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। थाना प्रभारी अरविंद कुमार घायलों को निकालने में लगे थे। वहीं डॉक्टर एन मांझी मेडिकल टीम के साथ तत्काल पहुंच गये थे। स्थानीय लोगों ने कार में दबे लोगों को निकालने में काफी मदद की। इधर एसडीपीओ ओम प्रकाश तिवारी, बीडीओ दयानंद कारजी, सीओ सच्चिदानंद वर्मा, इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंच गये थे। बाद में खूंटी, रांची, सिमडेगा, राउरकेला से भी काफी लोग अस्पताल पहुंचे थे।





