धनबाद। झारखंड के मुखिया हेमंत सोरेन ने बुधवार को सोना सोबरन धोती साड़ी लुंगी वितरण योजना का शुभारंभ किया।इस योजना के जरिए राज्य के 58 लाख परिवार साल में दो बार 10 रुपये में धोती साड़ी योजना का लाभ उठा सकेंगे।सरकार ने इस योजना के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था भी की है।



सीएम सोरेन ने कहा कि कुछ लोग साजिश करके यहां के रहने वाले मूलवासियों को नौकरियों में न आने देने की फिराक में थे। सरकारी विभागों में गलत नियमावली बना कर दूसरे प्रदेशों के लोगों की बहाली कर रहे थे।हम रोज झारखंड के लोगों के हित मे नए कानून बना रहे हैं। 20 साल से बाहरी मानसिकता वाले लोग मूलवासियों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे थे।



सीएम सोरेन ने कहा कि गलत मंसूबे का सफाया कर रहे है,ताकि यहाँ के रहने वाले मूलवासियों को उनका हक मिल सके।पांच साल में पूर्व की सरकार एक भी जेपीएससी परीक्षा नहीं कर सकी थी।हमारी सरकार ने इस वर्ष जेपीएससी परीक्षा कराई। इसमे लाखों छात्र शामिल हुए।सोना सोबरन धोती साड़ी योजना को पूर्व की सरकार ने बंद कर दिया था।



सीएम सोरेन ने कहा कि मसानजोर डैम के पानी से रानेश्वर, मसलिया, नाला, कुंडहित इलाके में सिंचाई के लिए सिंचाई परियोजना का शिलान्यास जल्द होगा।



सीएम सोरेन ने कहा कि फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना जांच के लिए अत्याधुनिक कोबास मशीन का उदघाटन किया गया और ये मशीन रांची व दुमका में लगी है। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सह खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव, कृषि मंत्री बादल, राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन, विधायक स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, बसंत सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा सहित कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे।