झारखंड के धनबाद की कानून व्यवस्था दिन पर दिन बेपटरी होती जा रही है। कोलियरी क्षेत्रों में रंगदारी और अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए हर रोज बम फूट रहे है गोलीबारी हो रही है।इसकी वजह से बीसीसीएल परेशान है।कंपनी के डीपी ने धनबाद के डीसी से मिलकर कानून व्यवस्था को लेकर अपनी गहरी चिंता से अवगत कराया है।



रांची जेल में बंद शूटर अमन सिंह गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता हुआ दिख रहा है।अमन सिंह गिरोह ने पुलिस को को चुनाैती देते हुए पुलिस मुखबिर नीरज तिवारी की हाल की में हत्या कर दी है।आशा की जा रही थी कि पुलिस इस कांड को गंभीरता से लेते हुए अमन सिंह गिरोह को खात्म करने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगी लेकिन ऐसा कुछ नही हुआ।पुलिस मुखबिर नीरज की हत्या के बाद अमन सिंह गिरोह का मनोबल सातवें आसमान तक बढ़ कर पहुंच गया है।अब रंगदारी के लिए बरवाअड्डा जूही किया मोटर्स शोरूम में बमबारी हुई है। इसके पीछे अमन सिंह गिरोह का हाथ बताया जा रहा है।



शूटर अमन सिंह पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या के आरोप में रांची के होटवार जेल में बंद है। अमन पर पुलिस शिकंजा कसने में नाकाम है।अमन के इशारे पर उसके आदमी न सिर्फ यहां के व्यापारियों से रंगदारी मांग रहे हैं,बल्कि अपना दबाव बनाने के लिए व्यापारियों के आवास और प्रतिष्ठानों पर बमबाजी और फायरिंग कर रहे हैं।हाल ही में अमन के आदमियों ने कतरास में पुलिस मुखबिर नीरज तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।



सोमवार सुबह लगभग पौने 11 बजे अमन के आदमियों ने बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के काशीटांड़ व्यापारी दीपक सांवरिया के कार शोरूम जूही किया मोटर्स पर बम फेका और भाग गए।तेज धमाके से शोरूम में अफरातफरी मच गई।परिसर में खड़ी नई सेलटास कार क्षतिग्रस्त हो गई। बम कार के पास ही गिरा। धमाके से शोरूम का शीशा भी टूट गया। उस वक्त शोरूम में दीपक सांवरिया नहीं थे।इस घटना में दो नकाबपोश अपराधी शामिल थे।



मिली जानकारी के अनुसार दीपक सांवरिया से शूटर अमन सिह के नाम पर तीन महीने से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी जा रही थी।रंगदारी न देने पर सांवरिया को जान से मारने की धमकी दी गई थी।सांवरिया ने इसकी बरवाअड्डा थाना में रिपोट दर्ज कराई थी।रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी सांवरिया के मोबाइल पर मैसेज भेजकर रंगदारी देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।पुलिस ने सांवरिया को गनर भी दिया था।



सोमवार को शोरूम खुलने के कुछ देर बाद दो नकाबपोश अपराधी आए और शोरूम में बम फेंककर भाग गए।सूचना मिलते ही एसएसपी संजीव कुमार, सिटी एसपी आर रामकुमार, डीएसपी मनोज स्वर्गीयारी, डीएसपी अमर कुमार पांडेय, गोविंदपुर थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद सिंह शोरूम पहुंचे।पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए जीटी रोड के किनारे प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला। कुछ सीसीटीवी में अपराधी कैद हुए हैं। उनकी धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।



कोयला चोरी पर पुलिस का ध्यान



आपको बता दें कि इससमय धनबाद में अपराधियों का आतंक बढ़ने के पीछे की कहानी बहुत ही दुखद है। इस समय धनबाद में कोयले की चोरी उफान पर है। पूरे जिले में युद्धस्तर पर कोयले की चोरी हो रही है। कई जिम्मेदार पुलिस अधिकारी चिंता न कर कोयले के काले धंधे का हिसाब-किताब में लगे रहते हैं। इसी तरह बरवाअड्डा और गोविंदपुर क्षेत्र में कुछ पुलिस अधिकारियों का ध्यान जमीन के अवैध कारोबार पर है। बरवाअड्डा में जहां बमबाजी हुई उससे थोड़ी ही दूर पर घटना के समय जमीन के एक कीमती टुकड़े पर एक आइपीएस स्तर के पदाधिकारी कब्जा करवाने में लगे थे। जबतक पुलिस के बड़े पदाधिकारी इधर-इधर से ध्यान को हटाकर विधि-व्यवस्था पर नहीं केंद्रित करेंगे तब तक धनबाद में रंगदारी के धंधे पर लगाम संभव नहीं है।