प्रतिनिधि,चतरा। चतरा नगर बाजार क्षेत्र में टेम्पू के परिचालन पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को टेम्पू चालक संघ के अध्यक्ष मुरलीधर पांडेय के नेतृत्व में एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह से मिला। प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों ने बताया कि नो एंट्री लग जाने से उन्हें आर्थिक रूप से काफी परेशानी हो रही है। टेम्पू पर सवार होने वाले अधिकांश पैसेंजर मेन रोड की ओर से आते हैं। नो एंट्री हो जाने से एक ओर जहां पैसेंजर्स को दिक्कत हो रही है,वहीं टेम्पू मालिकों को भी परेशानी हो रही है।





टेम्पू चालक संघ के अध्यक्ष मुरलीधर पांडेय के मुताबिक चतरा का शहरी इलाका महज दो किलोमीटर में फैला है। इसी दो किलोमीटर के दायरे से आने वाली आमदनी से उनके परिवार का भरण पोषण होता है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में कार्यरत कुछ पुलिसकर्मी भी उनपर कहर ढाते हैं। पैसेंजर उतारने में देर होने पर उनके वाहनों पर लाठियां बरसाई जाती हैं,कभी कभी तो हद ही हो जाती है,मार भी खानी पड़ती है।





अध्यक्ष मुरलीधर पांडेय ने कहा कि नो एंट्री होने से आशातीत कमाई नहीं होती तो वहीं नगर पर्षद विभाग शहरी क्षेत्र में टेम्पू चलाने पर टैक्स लेती है,इससे उनपर दोहरी मार पड़ रही है। टेम्पू चालक संघ ने जिला परिवहन पदाधिकारी से न्याय की उम्मीद जताई। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को बाजार क्षेत्र में बेतरतीब तरीके बीच सड़क पर टेम्पू खड़ा करने पर आपत्ति जताई गई। साथ ही उन्हें सहयोग का आश्वाशन देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा की आगामी होने वाली बैठक में आपसबों को आमंत्रित किया जाएगा तथा बैठक में आपके विचारों को सुना जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में आपकी समस्याओं पर निश्चित तौर पर सहानुभूति पूर्वक विचार होगा।