प्रतिनिधि,जमशेदपुर।परसुडीह थाना अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय के पीछे गाढ़ीवान पट्टी में सोमवार की शाम मो. शहजाद उर्फ सोनू को आपसी रंजिश को लेकर गोली मार दी गई। आरोपियों ने सोनू की कनपट्टी में सटाकर गोली मार दी,जिससे वह जमीन पर गिर गया।इसके बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सोनू को इलाज के लिए टीएमएच भर्ती कराया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि रविवार को सोनू का सलीम, बादशाह, राजू समेत छह भाइयों के साथ विवाद हुआ था,जिसमें घायल सोनू के छोटे भाई को मारपीट कर घायल कर दिया था,जिसको लेकर थाने में शिकायत भी की गई थी। वहीं सोमवार उसी मामले को लेकर समझौता भी होना था। मगर उससे पहले ही सोनू पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि घायल सोनू का पूर्व से अपराधिक इतिहास रहा है और वह ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री मामले में आदित्यपुर थाने से जेल भी जा चुका है। फिलहाल वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। जबकि घायल सोनू के मामा ने क्षेत्र के एक गांजा कारोबारी के गुर्गों पर गोली चलाने की घटना का आरोप लगाया है। वहीं घटना से लोगों में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया है। सूचना पाकर वरीय अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।





