परेवातरी से आंगों तक सड़क बदहाल,लोगों का पैदल चलना भी हुआ दूभर





सड़क मरम्मत की बाट जोह रही जनता:बिरेंद्र कुमार





बड़कागांव। प्रखंड अंतर्गत तलसवार पंचायत स्थित परेवातरी से लेकर आंगों पंचायत के आंगों गांव तक सड़क की स्थिति बदहाल है। उक्त मामले को लेकर कई बार स्थानीय सांसद जयंत सिन्हा एवं विधायक अंबा प्रसाद को विस्तृत रूप से जानकारी दी गई है। फिर भी अब तक किसी प्रकार कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है,जिसके कारण ग्रामीणों में मायूसी देखी जा रही है। 20 जून को मामूली सी बारिश ने जर्जर रोड की पोल खोल दी है। उक्त रोड से ओएनजीसी एवं प्रभा एनर्जी जैसी बड़ी कंपनियां के वाहनों का आवागमन निरंतर होता रहता है । बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ सने नाले के रूप में तब्दील हो जाता है,जिसके कारण लोगों का आवागमन बहुत ही मुश्किल हो जाता है। उस वक्त स्थिति और खराब हो जाती है जब बारिश के दिनों में बालू से भरा हाईवा एवं भारी वाहनों परिचालन होता है।ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है । लगभग एक से डेढ़ फीट तक रोड गड्ढे में तब्दील हो जाता है ।कई बार ग्रामीणों को दुर्घटना का शिकार भी होना पड़ता है।





बताते चलें कि उक्त मार्ग हेंदेगीर एवं टॉकीसूद रेलवे स्टेशन को भी जोड़ती है। जनसंख्या की दृष्टिकोण से देखा जाए तो तलसवार एवं आंगो पंचायत के लगभग 15000 जनसंख्या जर्जर रोड से प्रभावित है। जर्जर रोड को लेकर तलसवार पंचायत के मुखिया गीता देवी ने कही कि उक्त जर्जर रोड की मरम्मत होना बहुत ही जरूरी है।ग्रामीणों को आवागमन में और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क मरम्मत कराने के लिए प्रभा एनर्जी एजेंसी को ज्ञापन सौंपा गया है। कंपनी ने रोड मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।