पलामू।झारखंड के पलामू जिले में सभी प्रकार की इंटरनेट सेवाओं पर रोक बढ़ा दी गई है।ये रोक 19 फरवरी की सुबह 10 बजे तक रहेगी।एसपी चंदन कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पनकी में डेरा डाले हुए हैं,जहां पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने निवासियों के बीच विश्वास जगाने के लिए फ्लैग मार्च किया।इस दौरान स्कूल और बाजार बंद रहे।
बुधवार की रात बदमाशों ने एक घर के परिसर में बने पशुशाला में आग लगा दी।बरहाल इस घटना में किसी मवेशी को नुकसान नहीं पहुंचा।घटना के बाद जिला प्रशासन ने बुधवार से सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
डिप्टी कमिश्नर अंजनेयुलु डोड्डे ने बताया कि गुरुवार को पनकी के किसी भी हिस्से से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।अब तक 145 लोगों के खिलाफ नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में लगभग 1000 जिला पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है।
पलामू रेंज के आईजी राज कुमार लकड़ा के मुताबिक झड़प के सिलसिले में अब तक पनकी पश्चिम पंचायत के एक पूर्व मुखिया नेहाल खान सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।लकड़ा ने कहा कि स्थिति तनावपूर्ण,लेकिन नियंत्रण में है, क्योंकि पनकी में पर्याप्त पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं।
बताते चलें कि पनकी में शिवरात्रि पर्व के लिए तोरण द्वार बनाने को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो गई थी।इस दौरान पत्थरबाजी हुई।पत्थरबाजी में एक जूनियर पुलिस अधिकारी और चार कांस्टेबल सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।ऐतिहात के तौर पर पलामू जिले में बुधवार की शाम चार बजे से गुरुवार की शाम चार बजे तक सभी तरह की इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। अब मौजूदा हालात को देखते हुए इंटरनेट पर रोक 19 फरवरी की सुबह 10 बजे तक के लिए बढ़ा दी गई है।





