पलामू।झारखंड के पलामू जिले में महाशिवरात्रि को लेकर तोरणद्वार बनाने को लेकर बीते बुधवार को दो पक्ष भिड़ गए थे।जमकर ईंट-पत्थर चला और पेट्रोल बम का भी इस्तेमाल हुआ।उत्पातियों ने ठेले पलट दिए,वाहनों में तोड़फोड़ की और घरों को भी आग लगाने की कोशिश की।हिंसा के बाद जिला प्रशासन ने पलामू जिले में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी थी।





मिली जानकारी अनुसार के अनुसार पलामू जिला प्रशासन ने इंटरनेट सेवा पर लगी रोक को अब 19 फरवरी को दिन में 10 बजे तक बढ़ा दिया है।प्रशासन की ओर से महाशिवरात्रि को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।पलामू के पांकी बाजार में हुई इस हिंसक झड़प को लेकर 145 नामजद और 500 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।





डिप्टी कमिश्नर आंजनेयुलू डोड्डे ने दावा किया है कि पांकी बाजार में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और हिंसा की घटना के बाद इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। दूसरी तरफ पांकी बाजार हिंसा के बाद पुलिस महकमे के साथ ही जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।पलामू पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा खुद पांकी बाजार में कैंप कर रहे हैं।पांकी बाजार में स्थानीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग एक हजार जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने पांकी बाजार में फ्लैग मार्च भी किया।पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान फ्लैग मार्च कर लोगों को ये भरोसा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि हालात अब काबू में हैं।पांकी बाजार में हिंसा के बाद सभी स्कूल-कॉलेज और बाजार बंद हैं।पांकी बाजार हिंसा के मामले में पुलिस ने आरोपियों की धर-पकड़ भी शुरू कर दी है।





पलामू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजकुमार लाकड़ा के मुताबिक अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।पकड़े गए लोगों में पांकी पश्चिमी पंचायत के पूर्व मुखिया नेहाल खान भी शामिल हैं।हालात तनावपूर्ण,लेकिन नियंत्रण में है।आईजी ने बताया कि उत्पात कर रहे लोगों ने एक शेड को आग लगा दी थी,लेकिन इस घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।घटना के बाद से ही इलाके में धारा 144 लागू है।





बता दें कि बुधवार को महाशिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाए जाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे।तोरणद्वार को लेकर शुरू हुई कहासुनी पत्थरबाजी में बदल गई थी।दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले।इस घटना में एक जूनियर पुलिस अधिकारी और चार पुलिसकर्मियों समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने बुधवार की शाम 4 बजे से गुरुवार की शाम 4 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी थी।प्रशासन ने ताजा हालात को देखते हुए इंटरनेट सेवा पर लगी रोक को 19 दिसंबर दिन में 10 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है।