प्रतिनिधि,जमशेदपुर।श्री श्याम भक्त मंडल के संयोजक पवन अग्रवाल ने जिला मारवाड़ी समाज चुनाव के दूसरे दिन गुरुवार को अपने वादे को पूरा करने के लिए टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के अधिकारियों से मिलकर समाजहित की मांग रखी। उनके अनुसार स्वर्णरेखा नदी के किनारे शिव मंदिर का निर्माण खेमचंद चौधरी द्वारा कई दशक पूर्व कराया गया था,जिसके प्रांगण में समाज द्वारा मरणोपरांत होने वाले नारायणबली समेत अन्य श्राद्ध कर्म के कार्य किए जाते हैं। मगर पानी की उपलब्धता न होने के कारण समाज के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गुरुवार उन्होंने जुस्को के वरीय अधिकारियों से खेमचंद चौधरी के पुत्र भोला चौधरी के साथ मिलकर समाज की परेशानी को दूर करने की मांग की। साथ ही इसके लिए जो भी पानी का दर तय किया जाएगा उसका भुगतान मंदिर कमिटी द्वारा किया जाएगा। जबकि मारवाड़ी सम्मेलन के चुनाव में सफलता न मिलने के बावजूद पवन अग्रवाल ने समाज से किए वादे को धरातल पर उतारने का प्रयास शुरू कर दिया है। उनके अनुसार चुनाव सम्पन्न होने के उपरांत सारी बातों को समाप्त कर हमें समाजहित में कार्य करने चाहिए। समाज का निर्णय अंतिम और मान्य होना चाहिए। जल्द ही अन्य वादों को भी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरी पहचान ही मेरा काम है। चुनाव में जय पराजय की चिंता न कर समाज का हित सबसे आगे है। इस दौरान उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष मुकेश मित्तल को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में समाज नई ऊंचाई प्राप्त करेगा। आशा है कि मित्तल समाज से किए अपने वादों को पूरा करेंगे। पवन अग्रवाल के साथ भोला चौधरी, मुरारी लाल अग्रवाल, बिमल अग्रवाल भी मौजूद थे।





