जमशेदपुर।शनिवार सुबह सात बजे से झाड़ग्राम-धनबाद सवारी गाड़ी में किराया बढ़ने के विरोध में और गिधनी में स्टील व इस्पात एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल के गिधनी स्टेशन पर ग्रामीणों ने ट्रेन के पहिए को जाम कर दिया है।हावड़ा-मुंबई ट्रेन रूट पर परिचालन पूरी तरह से थम गया है। आनंद विहार टर्मिनल से चलकर पुरी को जाने वाली 02876 नीलांचल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को ग्रामीणों ने गिधनी में ही रोक दिया है।दो मालगाड़ियां भी गिधनी स्टेशन पर रोक दी गई है।



स्थानीय लोगों की नाराजगी व ट्रैक जाम की वजह से हावड़ा- मुंबई रूट पर ट्रेन संचालन धवस्त हो गया है।स्टील एक्सप्रेस को भी चाकुलिया में ही रोक दिया गया है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



खड़गपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थानीय लोगों से उनकी मांगो को लिखित में देने के लिए और उस पर वरिष्ठ अधिकारियों से विचार करने की बात कहकर समझा रहे है।स्थानीय लोग कुछ सुनने के लिए तैयार नहीं है और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मची है।आरपीएफ को हालत को संभालने के लिए मौके पर तैनात किया गया हैं।



किराया बढ़ने और गिधनी स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय लोग रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं। लोगों के हाथों में तख्तियां भी हैं जिसमें यात्री ट्रेन का किराया कम करने और ट्रेनों के ठहराव करने की मांग लिखे हुए हैं।सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष नारेबाजी कर रहे हैं।



गिधनी में ट्रेन रोकने से हावड़ा- मुंबई रूट पूरी तरह से बंद हो गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा देखते हुए ट्रेनों को महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ही रोक दिया है ताकि उन्हें खान-पान में कोई परेशानी न हो। ऐसे में टाटानगर को आने वाली आठ ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही है। इसमें आनंद विहार से पुरी को जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस, हावड़ा अहमदाबाद स्पेशल, बड़बिल हावड़ा जन शताब्दी, हावडा पुणे दुरंतो वातानुकूलित स्पेशल, हावड़ा से चलकर टिटलागढ़ को जाने वाली इस्पात सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन भी शामिल है।