वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को आध्यात्मिक नगरी काशी आठ माह बाद आ रहे है।पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 744 करोड़ रुपये की 68 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 839 करोड़ रुपये की 160 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी जिन खास योजनाओं का लोकार्पण करेंगे उसमें वाराणसी को जापान के सहयोग से बने हाईटेक कन्वेंशन सेंटर रुद्राक्ष, गोदौलिया पर बनी मल्टीस्टोरी पार्किंग, स्मार्ट स्कूल, गौरव पथ, रो-रो क्रूज, अस्सी से राजघाट के बीच पर्यटन क्रूज, बीएचयू में 100 बेड का मातृ शिशु विंग, ड्राइवर प्रशिक्षण के केंद्र, वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर बने आरओबी सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। पीएम मोदी इन सभी योजनाओं की सौगात आईआईटी बीएचयूके ग्राउंड में जनसभा के दौरान देंगे। इस जनसभा में 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था कोविड प्रोटोकॉल के तहत की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन केंद्र रुद्राक्ष में 108 रुद्राक्ष लगाए गए हैं और इसकी छत शिवलिंग के आकार में बनाई गई है। यह पूरी इमारत रात में एलईडी लाइट से जगमगाएगी। यह दो मंजिला केंद्र सिगरा क्षेत्र में 2.87 हेक्टेयर भूमि पर बनाया गया है और इसमें 1,200 लोगों के बैठने की क्षमता है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक संवाद के अवसर प्रदान करना है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, प्रदर्शनियों, संगीत समारोहों और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उचित जगह है तथा इसके गलियारे को भित्ति चित्रों से सजाया गया है। आपको बताते चले कि पीएम मोदी पिछली बार देव दीपावली के दिन आध्यात्मिक नगरी काशी आए थे।मिली जानकारी के अनुसार इस बार के दौरे पर पीएम काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे और अपने काशी विश्वनाथ धाम निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे। बृहस्पतिवार को पांच घंटे पीएम मोदी काशी में रहेंगे। पीएम मोदी के आगमन को लेकर जबरदस्त सुरक्षा-व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।पीएम मोदी की जल, थल और नभ से सुरक्षा होगी।काशी छावनी में तब्दील हो गई है।पीएम के आगमन की तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने से पहले बुधवार की देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समीक्षा के लिए वाराणसी पहुंच गए हैं।



पीएम मोदी का जाने कैसा है कार्यक्रम



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10.30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।पीएम यहां से सेना के हेलीकाप्टर से बीएचयू पहुंचेंगे।पीएम यहां आईआईटी खेल मैदान में परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के साथ ही जनसभा को संबोधित करेेंगे। इसके बाद बीएचयू में नवनिर्मित एमसीएच विंग का निरीक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुडे़ चुनिंदा लोगों से कोरोना की संभावित तीसरी लहर पर संवाद करेंगे। इसके बाद पीएम हेलीकाप्टर से संपूर्णांनंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचचेंगे और हेलीपैड से सड़क मार्ग से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां रुद्राक्ष भवन का उद्घाटन करने के बाद शहर के अलग-अलग वर्गों से जुड़े प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। पीएम अपराह्न 3.30 बजे दिल्ली लौट जाएंगे।