दुमका।आदिवासी विवाहित महिला का एक युवक के साथ नाजायज संबंध का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया और मारापीटा।घटना गुरुवार शाम की है और रानेश्वर थाना क्षेत्र के कदमा गांव में हुई हैं।गांव के कुछ लोगों ने आदिवासी महिला को निर्वस्त्र घुमाए जाने का विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दे दी थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर 6 लोगों को गिरफ्तार कर किया। इस अमानवीय और आपराधिक घटना को अंजाम देने वाले 6 नामजद आरोपी भाग गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की ससुराल मसानजोर थाना क्षेत्र के कुलूंग गांव में है।उसी गांव में रानेश्वर के कदमा गांव के एक युवक मानिक मिर्धा की भी ससुराल है।मानिक मिर्धा अपनी ससुराल अक्सर जाता था जहां उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई।मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम के अंकुर फूट गए और कुछ दिनों पहले दोनों बंगाल चले गए थे। बुधवार की रात मानिक मिर्धा महिला को लेकर अपने गांव कदमा वापस लौटा। दोनों के वापस आने की भनक मिलते ही गुरुवार को कुलूंग गांव के कुछ लोग कदमा आए और महिला को घर से खींच कर बाहर लाए और उसको मारा पीटा निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया।इसमें कदमा गांव के भी कुछ लोगों ने उनका साथ दिया। जबकि इसी गांव के कुछ लोगों ने बीच बचाव कर सभी को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया।
रानेश्वर थाना प्रभारी राजीव प्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के बयान पर रानेश्वर थाना में कुलूंग गांव के सोनू मिर्धा, सनातन मिर्धा, राजू सोरेन, रासमणि, फुलमनी देवी, सरस्वती देवी, कुशल देवी, मेनी देवी एवं मदन हांसदा और कदमा गांव के मानिक मिर्धा, सभावती देवी, फूलकुमारी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इनमें 6 नामजद सोनू मिर्धा, सनातन मिर्धा, राजू सोरेन, रासमणि, मेनी देवी और मदन हांसदा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।





