प्रतिनिधि,हजारीबाग। आजादी का अमृत महोत्सव पर हजारीबाग स्थित बीएसएफ मेरु कैंप परिसर में सोमवार को आम नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल के नजदीक लाना, कार्यशैली और दायित्व से अवगत कराने सहित देश के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पीटी ग्राउंड में सीमा सुरक्ष बल और नव शक्ति क्लब, कीनी मुंडवार के बीच महानिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा के नेतृत्व में मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मुकाबला बड़ा ही रोमांचकारी रहा। 30-30 मिनट के खेल में दोनों ही टीमें बराबरी पर रही। 05-05 फ्री किक में बीएसएफ की टीम ने 4-2 गोल से जीत हासिल की।





मैच के दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों में मैच को लेकर काफी उत्साह देखा गया। कैंप के अधिकारी, कार्मिकों के साथ ग्राम पंचायत पूर्व मुखिया अरूण कुमार यादव, नव शक्ति क्लब टीम के मैनेजर प्रकाश चन्द्रा व नव शक्ति क्लब टीम के कोच नरेश यादव उपस्थित रहे। मैच के समापन पर दोनों टीमों के प्रतिभागियों को उपहार दिया गया।





महानिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह राणा ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक तंदुरूस्ती को सुधारने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण और सरल तरीका है। आजकल स्पोर्ट्स का क्षेत्र सरकार के प्रयासों के द्वारा बढ़ गया है। कोई भी व्यक्ति अपनी मेहनत से स्पोर्ट्स में एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकता है। यह सफलता और अच्छी नौकरी पाने का बहुत ही अच्छा तरीका है। नियमित रूप से मनोरंजन और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का अच्छा साधन है। चरित्र एवं अनुशासन की तकनीक है।